राज्यसभा चुनाव विवाद पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग का फूंका पुतला

भोपाल में महिला कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव विवाद को लेकर निर्वाचन आयोग का पुतला दहन किया. प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासिया ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए.

राज्यसभा चुनाव विवाद पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग का फूंका पुतला

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया और आयोग पर निष्पक्षता से काम नहीं करने के आरोप लगाए.

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासिया के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान रीना बोरासिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है.

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में एक आदिवासी महिला उम्मीदवार का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. बोरासिया ने कहा कि यह फैसला महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है और इससे महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने से रोकने का संदेश जाता है.

रीना बोरासिया ने निर्वाचन आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आयोग स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस नेताओं को अपनी बात रखने के लिए राष्ट्रपति से मिलने तक की अनुमति नहीं दी गई. महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से यह संदेश जाता है कि संवैधानिक संस्थाओं पर सत्ता का दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि राज्यसभा चुनाव से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी को समान अवसर दिया जाए.

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं. उन्होंने राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया और नामांकन निरस्त किए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नाराजगी जताई.