CM मोहन यादव आज करेंगे तिरंगा यात्रा, शाम को देंगे 4 नई हवाई सेवाओं की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में तिरंगा यात्रा, बलराम कृषि महोत्सव और बैठक समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम को वे भोपाल से 4 नई हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे, जिससे प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दिन की शुरुआत वे हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा से करेंगे। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे और सीएम हाउस में बैठक करेंगे। शाम को भोपाल एयरपोर्ट से भोपाल-रीवा-भोपाल और रीवा-कोलकाता-रीवा हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे।

प्रदेश में बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी
मध्यप्रदेश में आज चार नई हवाई सेवाओं का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से इन हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई मार्ग शामिल हैं। इन नई सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी और लोग कम समय में अपनी यात्रा पूरी कर पाएंगे।

भोपाल-रीवा सीधी हवाई सेवा शुरू होने से मध्यप्रदेश के भीतर हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। इससे राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित होगा, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक और तेज हो सकेगा।
वहीं, भोपाल-पटना सीधी उड़ान के माध्यम से मध्यप्रदेश और बिहार की राजधानियां सीधे हवाई मार्ग से जुड़ जाएंगी। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ-साथ मध्यप्रदेश में निवासरत बिहार के नागरिकों, यात्रियों, व्यापारियों और कारोबारियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

इसी तरह रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के इन दोनों प्रमुख शहरों का कोलकाता तथा पूर्वी भारत के अन्य क्षेत्रों से हवाई संपर्क और मजबूत होगा। इन सेवाओं से पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। फ्लाइट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल करेंगे।

