पन्ना में पाइप में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, सुरक्षित वन क्षेत्र में किया गया रिलीज

पन्ना वन क्षेत्र के हिनौती गांव में आवारा कुत्तों से बचने के लिए एक तेंदुआ संकरे पाइप में घुस गया, जिसे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। जांच के बाद तेंदुए को स्वस्थ पाकर उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

पन्ना में पाइप में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, सुरक्षित वन क्षेत्र में किया गया रिलीज
google

रविवार 3 मई को तेंदुआ दिवस पर सुबह अमानगंज बफर रेंज के पास दक्षिण पन्ना वनमंडल की पवई रेंज के हिनौती गांव में एक तेंदुआ देखा गया। तेंदुए को आवारा कुत्तों ने खदेड़ दिया। कुत्तों से जान बचाने के लिए तेंदुआ एक संकरे पाइप में घुस गया। स्थानीय ग्रामीणों ने पाइप के दोनों सिरों को पत्थरों से बंद कर वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दक्षिण पन्ना वनमंडल का मैदानी अमला एवं पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पाइप के एक सिरे पर सुरक्षित पकड़ के लिए ट्रैप केज लगाया गया तथा दूसरे सिरे को पूरी तरह बंद किया गया। तेंदुए को केज की दिशा में ले जाने के लिए विभिन्न उपाय अपनाए गए, जिनमें पानी का प्रवाह, कांटेदार झाड़ियां शामिल रहीं।

आखिरकार पाइप के व्यास के अनुरूप टायरों को आपस में बांधकर रस्सियों की सहायता से धीरे-धीरे पाइप के भीतर बढ़ाया गया, जिससे तेंदुआ केज की ओर बढ़ा और सुरक्षित रूप से पकड़ में आ गया।

रेस्क्यू के बाद वन क्षेत्र में किया गया रिलीज

रेस्क्यू के बाद वन्यप्राणी का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, जिसमें तेंदुआ स्वस्थ पाया गया। इसके उपरांत उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित कर छोड़ दिया गया। संपूर्ण कार्यवाही में पवई रेंज ऑफिसर नितेश पटेल के नेतृत्व में स्थानीय वन अमले का सराहनीय योगदान रहा।