ताजमहल को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने ऐसा क्या कह दिया की बवाल मच गया?
Kailash Vijayvargiya: मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- ताजमहल की जगह पहले मंदिर था. मंत्री के इस बयान से सियासी घमासान मच गया है. विजयवर्गीय ने ये बयान एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान दिया है.
मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने एक बार फिर अपने बयान से सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. बुधवार (24 दिसंबर) को सागर जिले के बीना में स्वर्गीय राकेश सिरोठिया की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया था. जिसको हरी झंड़ी दिखाने मंत्री विजयवर्गीय पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने ताजमहल को लेकर विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा ताजमहल पहले मंदिर के रूप में बनाया जा रहा था. जिसे बाद में शाहजहां ने मुमताज का मकबरा बना दिया.
बिहारियों को लेकर क्या बोले विजयवर्गीय?
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से कहा कि शाहजहां ने पहले मुमताज को बुरहानपुर में दफन किया था. लेकिन बाद में जहां मंदिर निर्माण हो रहा था, वहीं मुमताज के शव को दफनाकर ताजमहल का निर्माण कराया गया. इतना ही नहीं, मंत्री विजयवर्गीय यहीं नहीं रुके. उन्होंने बिहारियों को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यूं तो बिहारी विनम्र नहीं होते, लेकिन हमारे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नवीन नितिन विनम्र हैं. उन्होंने कहा कि बीना विधायक निर्मला सप्रे कांग्रेस से चुनाव लड़ी थीं, लेकिन अब वह हमारे साथ हैं.
कार्यक्रम में बीजेपी के ये नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेन्द्र जैन, विधायक निर्मला सप्रे, पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे, डॉ. विनोद पंथी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बीजेपी कार्यकर्ता, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे.
shivendra 
