कैलाश विजयवर्गीय ने वीबीजी रामजी मिशन पर कांग्रेस को घेरा
कैलाश विजयवर्गीय ने वीबीजी रामजी मिशन में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार रोधी उपायों को उजागर करते हुए कांग्रेस पर हमला किया।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वीबीजी रामजी मिशन यानी विकसित भारत ग्रामीण विकास मिशन को लेकर प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राम के नाम से कांग्रेस की आंखें खुल जाती हैं, विरोध करने सड़क पर उतर आती है। विजयवर्गीय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के नाम पर 600 से अधिक योजनाएं चल रही थीं, लेकिन जैसे ही मिशन में ‘जी राम जी’ जुड़ा, विपक्ष को आपत्ति होने लगी।
केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रेस वार्ता में कहा कि पूर्व की इंदिरा आवास, विद्युत और अन्य ग्रामीण योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार और अव्यवस्था थी। मनरेगा में 11.5 लाख करोड़ खर्च होने के बावजूद 5% भी स्थायी संपत्ति दिखाई नहीं देती। मजदूरों की जगह फर्जी जॉब कार्ड से भुगतान और बरसात में बह जाने वाली सड़कें इस योजना की हकीकत बताती हैं।

विजयवर्गीय ने बताया कि नए बिल में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति, जियो-टैगिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और हर जिले में लोकपाल की नियुक्ति शामिल है। अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा, हर हफ्ते भुगतान होगा और फर्जी जॉब कार्ड खत्म होंगे।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा का 70% खर्च वहन किया है और आज 25 करोड़ लोग गरीबी से निकले हैं। ग्रामीण मजदूरी बढ़ी है, रोजगार बढ़ा है और आजीविका मिशन में गांधी की असली भावना दिखाई देती है। विपक्ष को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पहले अध्ययन करें, फिर योजना का विरोध करें।

