Mauganj जनसुनवाई में पहुंचे 98 आवेदन, कलेक्टर संजय कुमार जैन ने दिए तुरंत निराकरण के निर्देश
मऊगंज कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में 98 आवेदनों पर सुनवाई हुई. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं. जनसुनवाई में कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए.
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पथरहा निवासी बृजमोहन सिंह ने लंबित इंतकाली प्रकरण के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. मऊगंज निवासी दीपक कुमार शर्मा ने बैंक खाते पर लगी होल्ड हटवाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने लीड जिला प्रबंधक (एलडीएम) एवं संबंधित बैंक को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

ग्राम नरैनी निवासी आरती साकेत ने खाद्यान्न पात्रता पर्ची जारी कराने का आवेदन प्रस्तुत किया. इस पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग एवं संबंधित पंचायत अधिकारियों को पात्रता का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
ग्राम तरौड़ा निवासी जागृति मिश्रा ने अनुकंपा नियुक्ति का प्रकरण लंबित होने की जानकारी देते हुए आवेदन प्रस्तुत किया. कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को प्रकरण का आवश्यक अनुसरण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहीं, ग्राम कोट, तहसील नईगढ़ी निवासी कन्हैया साकेत ने भूमि सीमांकन एवं कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

इसी प्रकार ग्राम खजुरहन निवासी विद्याधर नट ने रास्ता निकलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया. कलेक्टर ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. अन्य प्राप्त आवेदनों पर भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया.
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
Anubhav Dubey 
