Mauganj News: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के लिए एक माह की कार्ययोजना तैयार करें, कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश

मऊगंज में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय कुमार जैन ने समीक्षा बैठक की. अधिकारियों को एक माह की कार्ययोजना तैयार करने, शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार और मौके पर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए.

Mauganj News: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के लिए एक माह की कार्ययोजना तैयार करें, कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस महत्वाकांक्षी अभियान को जिले में शत-प्रतिशत सफलता के साथ संचालित किया जाए. उन्होंने कहा कि अभियान के लिए एक माह की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए और प्रत्येक शिविर की सूचना संबंधित क्षेत्र में कम से कम एक सप्ताह पहले उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें.

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं. आवेदनों के लिए मानक प्रारूप तैयार किए जाएं तथा प्राप्त आवेदनों का श्रेणीवार संधारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.

बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी शिविरों से पहले अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें, नागरिकों से संवाद स्थापित करें और छोटी से छोटी समस्याओं का भी समय रहते समाधान करें. उन्होंने कहा कि यह शासन का महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें.

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं का अधिकतम निराकरण मौके पर ही किया जाए. शिविरों के दौरान स्थल निरीक्षण, संक्षिप्त समीक्षा बैठक, जनसंवाद और उद्यम संवाद का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे विभिन्न वर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके. उन्होंने अधिकारियों से आमजन के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा.

बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.