राकेश यादव का जीतू पटवारी पर हमला, बोले- ड्रग्स मामले में होनी चाहिए जांच

500 करोड़ के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता राकेश यादव ने कांग्रेस से की आरोपों के सबूत सार्वजनिक करने की मांग

राकेश यादव का जीतू पटवारी पर हमला, बोले- ड्रग्स मामले में होनी चाहिए जांच

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राकेश यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके आचरण को देखकर उन्हें आशंका है कि पटवारी की भी ड्रग्स स्क्रीनिंग कराई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नाना पटवारी के ड्रग्स लेने की बात सामने आने के बाद जीतू पटवारी की भी जांच होनी चाहिए।

राकेश यादव ने कांग्रेस से मांगे सबूत

बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए कथित 500 करोड़ रुपये के आरोपों का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के पास कोई ठोस सबूत हैं तो सार्वजनिक करे, अन्यथा जीतू पटवारी और हरीश चौधरी को माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कानून अपना काम करता है और यदि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सबूत मिलते हैं तो पुलिस और प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि नाना पटवारी के घर लौटने के बाद कांग्रेस के आरोप स्वतः गलत साबित हो गए और इससे स्पष्ट है कि सरकार किसी द्वेष की भावना से काम नहीं करती।

साइक्लोथॉन की भी जांच होनी चाहिए

कांग्रेस से बीजेपी में आकर प्रदेश प्रवक्ता बने राकेश यादव ने आरोप लगाया कि ड्रग्स मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के चुनाव के दौरान जीतू पटवारी के समर्थन में पोस्टर लगे थे और उनके फोटो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। यादव ने जीतू पटवारी द्वारा निकाली जाने वाली साइक्लोथन को लेकर कहा कि युवाओं को जागरूक करने के नाम पर निकाली जा रही साइक्लोथॉन की भी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेता हरीश चौधरी पर भी सवाल उठाते हुए उनके बार-बार राजस्थान के बायतू क्षेत्र से मध्य प्रदेश आने और उसकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने जीतू पटवारी की आय, कंपनियों और संपत्तियों को लेकर भी कई आरोप लगाए तथा कहा कि इन सभी तथ्यों को जल्द सार्वजनिक करेंगे। राकेश यादव ने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं के मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर 500 करोड़ के जो आरोप लगाए हैं और यदि सभी आरोप सही हैं तो वे प्रमाण प्रस्तुत करें, अन्यथा जनता के सामने जवाब देना होगा।