6 February 2026: कांग्रेस नेता के नाम से शादी का फर्जी निमंत्रण पत्र वायरल, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें

इंदौर जिला जेल से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। MGM मेडिकल कॉलेज के MBBS फर्स्ट ईयर स्टूेडेंट का सुसाइड केस बयानों में उलझा

6 February 2026: कांग्रेस नेता के नाम से शादी का फर्जी निमंत्रण पत्र वायरल, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
Indore News Today

इंदौर। कांग्रेस नेता के नाम से शादी का फर्जी निमंत्रण पत्र वायरल होने से हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर फैलाई गई इस फर्जी सूचना से नेता की छवि खराब करने की साजिश की आशंका जताई जा रही है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सदाशिव यादव के नाम से शहरभर में शादी का एक फर्जी निमंत्रण पत्र वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर फैलाए गए इस कार्ड में 24 फरवरी 2026 की तारीख लिखी गई थी और लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित करते हुए एक लिंक भी भेजा गया। जैसे ही इस फर्जी निमंत्रण की जानकारी सदाशिव यादव को लगी, उन्होंने तुरंत सोशल मीडिया के जरिए इसे फर्जी बताया और साफ किया कि उनका मोबाइल या सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया है।

कांग्रेस नेता ने सभी रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों से अपील की है कि इस निमंत्रण पत्र और उससे जुड़े किसी भी लिंक को न खोलें। सदाशिव यादव ने इस पूरे मामले की शिकायत भी संबंधित थाने में दर्ज कराई है और साइबर अपराध की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी हुई है कि आखिर यह फर्जी कार्ड किसने और किस मकसद से वायरल किया।

आरटीओ विभाग ने रैपिडो से ड्राइव बुक की और 13 बाइक जब्त कर लीं

इंदौर के परिवहन विभाग ने रैपिडो बाइक चालक द्वारा नाबालिग युवती से दुष्कर्म किए जाने के बाद ऐसी कार्रवाई की है जिसकी चर्चा पूरे देश भर में की जा रही है,रैपीडो बाइक चालकों द्वारा कमर्शियल व्हीकल की जगह डोमेस्टिक व्हीकल रजिस्टर कर सवारियां छोड़ी जा रही थी, आरटीओ विभाग में खुद रैपिडो से ड्राइव बुक की और 13 बाइक कार्यलाय बुलाकर जब्त कर लीं, जिसके बाद रैपिडों कंपनी के संचालक ऑफिस बंद कर लापता हो गए हैं।

दरअसल, केंद्र सरकार द्वारा बाइक से सवारी छोड़ने के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं, जिसमें बाइक का कमर्शियल रजिस्ट्रेशन के अलावा बाइक चालक का कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का कमर्शियल बीमा होना अनिवार्य शर्तों में शामिल किया है। लेकिन, रैपिडो कंपनी इन नियमों का पालन नहीं कर रही है और युवाओं ने बिना पुलिस वेरिफिकेशन किए बिना तगड़ा इंसेंटिव का लालच देकर ड्राइवर बना रही हैं।

वहीं, मंगलवार को इंदौर के रावजी बाजार में एक नाबालिग युवती से दुष्कर्म किए जाने के बाद आरटीओ विभाग ने अपने ही कर्मचारियों से रैपिडो की राइड बुक की जिसके बाद 13 रैपिडो ड्राइवर आरटीओ ऑफिस पहुंच गए, जिन्हें आरटीओ विभाग के कार्यालय में जब्त कर लिया गया।

इस बारे में एआरटीओ अर्चना मिश्रा ने बताया कि रैपीडो ओला और उबर जैसी कंपनियां केंद्र सरकार द्वारा दिए गए नियमों का सही तरीके से पालन नहीं कर रही है। नियमों के तहत उपयोग किए जाने वाले सभी वाहनों का कमर्शियल रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। साथ ही ड्राइवर का भी कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस और कमर्शियल बीमा भी होना चाहिए। लेकिन रैपीडो कंपनी द्वारा इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

पिछले दिनों सामने आई दुष्कर्म की घटना के बाद हमने प्रारंभिक तौर पर एप्लीकेशन के माध्यम से राइट बुक की और 13 वाहनों को जप्त किया है जिनका कमर्शियल रजिस्ट्रेशन इंश्योरेंस और लाइसेंस घरेलू वाहनों का मिला है। जिसके चलते सभी वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है वहीं रैपीडो कंपनी के संचालक अपना ऑफिस बंद कर लापता हो गए हैं जिनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

तुकोगंज में पुलिस ने युवक को मौत के मुंह से बाहर निकाला

इंदौर के तुकोगंज इलाके में पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। पत्नी के वियोग में आत्मघाती कदम उठा रहे एक युवक को बीट के जवानों ने ऐन वक्त पर पहुंचकर मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया।

पूरा मामला इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र के पंचम की फेल का है। यहां रहने वाले 27 वर्षीय सोनू पिता राजेश जरवाल की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पत्नी के जाने के गम और वियोग में डूबा सोनू इस कदर टूट गया कि उसने शराब के नशे में मौत को गले लगाने का फैसला कर लिया।

युवक फांसी का फंदा तैयार कर अपनी जान देने ही वाला था कि तभी बीट जंजीरा के सतर्क जवानों को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही बिना तुकोगंज थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर सोनू को फांसी लगाने से रोका और छत से बंधी रस्सी को समय रहते उतार लिया। पुलिसकर्मियों ने न केवल उसकी जान बचाई, बल्कि मौके पर उसके माता-पिता को बुलाकर युवक की काउंसलिंग भी की।

इंदौर जिला जेल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, मचा हड़कंप

इंदौर जिला जेल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो में खुलेआम बदमाश पुलिस को चुनौती देते नजर आए, जिसके बाद जेल की सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। लेकिन जांच में जो सच सामने आया, वह चौंकाने वाला है। 

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा था कि यह इंदौर जिला जेल का है, जहां कुछ बदमाश हथकड़ी लगाकर जेल जाते हुए और जेल के भीतर से पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ अकाउंट्स से आपत्तिजनक कंटेंट भी साझा किया गया, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई। जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है।

वायरल वीडियो दरअसल अभिनेता अजय देवगन की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान बनाए गए सेट का है, जिसे एडिट कर इंदौर जिला जेल बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। जांच में भैय्यू डालिंग 03 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसे कई आपत्तिजनक वीडियो पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर जिला जेल अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच को लिखित शिकायत सौंपी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर वीडियो को एडिट कर भ्रामक जानकारी फैलाई और जेल की फर्जी छवि पेश की। इन वायरल वीडियो में कैदियों की दिनचर्या और बैरकों की झूठी झलक दिखाकर आम जनता में भ्रम और भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई। फिलहाल क्राइम ब्रांच मामले की जांच में जुटी है और वीडियो वायरल करने वालों की पहचान की जा रही है।

शराब के नशे में उपद्रव, बदमाशों को पकड़कर पुलिस ने निकाला जुलूस

इंदौर के केशव नगर में बदमाशों ने शराब के नशे में उपद्रव मचाया था, जिसका वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देख कर घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ा। पुलिस ने बदमाशों का जुलूस निकाला, साथ ही उठक बैठक लगवा कर मांफी मंगवाई गई।

पूरा मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र का है। जहां, पुलिस ने चेकिंग के लिए बेरिकेट लगाया था। वहीं क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने नशे में बेरिकेट उठा कर पटक दिया और पथराव कर सनसनी फैला दी। जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो बदमाशों को पकड़ा।

आरोपियों के नाम कृष्ण उर्फ कान्हा और रूपेश है। जिन्हें चंदन नगर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर गिरफ्तार किया। उक्त आरोपियों से उपद्रव करने वाले स्थान पर ले जाया गया, जहां पर आरोपियों ने आम जनता से माफी मांगी गई। साथ ही क्षेत्र में जुलुस निकाल उठक बैठक लगवाई गई। जिससे खुश होकर आम जनता ने पुलिस के लिए ताली बजाकर प्रशंसा की।

MGM मेडिकल कॉलेज के MBBS फर्स्ट ईयर स्टूेडेंट का सुसाइड केस 

इंदौर के प्रतिष्ठित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल की आत्महत्या का मामला अब बयानों में उलझ गया है। जहां एक ओर परिजनों ने रैगिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस की अब तक की जांच किसी और दिशा में इशारा कर रही है। फिलहाल, संयोगितागंज पुलिस को मामले की तह तक जाने के लिए परिजनों के आधिकारिक बयानों का इंतजार है।

बीते दिनों एमजीएम कॉलेज के छात्रावास में 21 वर्षीय छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद से ही हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों ने शुरुआती तौर पर कॉलेज में रैगिंग होने के गंभीर आरोप लगाए थे और इसे ही आत्मघाती कदम की मुख्य वजह बताया था। हालांकि, संयोगितागंज पुलिस ने जब मृतक के साथी छात्रों और हॉस्टल के अन्य लोगों से पूछताछ की, तो कहानी कुछ और ही नजर आ रही है।

पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच और साथी छात्रों के बयानों से यह संकेत मिल रहे हैं कि अंतरिक्ष पढ़ाई के भारी तनाव में था। मामले की अपडेट देते हुए एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची है क्योंकि परिजनों के बयान दर्ज होना बाकी हैं। घटना के बाद परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए थे और अब तक बयान देने के लिए पुलिस के पास नहीं पहुंचे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि यह मामला रैगिंग से जुड़ा है या फिर मानसिक तनाव से।

पलासिया में चेकिंग के दौरान तस्कर पकड़ाया, 800 ग्राम से ज्यादा गांजा बरामद

इंदौर में ड्रग्स तस्करी के ख़िलाफ़ पुलिस बड़े स्तर पर लगातार अभियान चला रही है। वहीं देर रात हॉट स्पॉट और संदिग्ध जगहों पर भी चेकिंग की जा रही है। इसी कड़ी में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार युवक को पकड़ा, जिसके पास से गांजा बरामद किया है।

मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है। जहां एक बाइक सवार पुलिस की देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्की बताया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास 800 ग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। इस मामले में एसीपी ने बताया कि  पुलिस अभी आरोपी से पूरे मामले में पूछताछ करने में जुटी है।

पलासिया में वाहन चोरी की घटना सीसीटीवी कैद, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी 

मध्य प्रदेश के इंदौर में वाहन चोरी की घटना लगातार सामने आ रही है। इसी कड़ी में एक बाइक चोरी की घटना सामने आई है। जिसमें वाहन चोर बाइक का ताला तोड़कर चोरी कर ले गए। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में क़ैद हुई। फ़रियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है। जहां सड़क पर खड़ी एक बाइक चोर ले उड़ा और यह घटना CCTV कैमरे में क़ैद हुई। कैमरे में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि किस तरीक़े से छोटे वाहन का ताला तोड़ रहा और उसके बाद लेकर फ़रार हो गया। इस पूरे मामले में एसीपी ने बताया कि फ़रियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।