इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ठगी के 2 आरोपी को किया गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ठगी मामले में गुजरात के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने देशभर में कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी की थी।

इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ठगी के 2 आरोपी को किया गिरफ्तार
GOOGLE

इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ठगी के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी देशभर के कई लोगों को अपना निशाना बना चुके थे। मामला संज्ञान में तब आया जब मोहम्मद हिदायतुल्ला ने NCRP पोर्टल 1930 पर अपने साथ हुए फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई। हिदायतुल्ला के साथ करीब 60 लाख रुपये की ठगी हुई थी, जिसके बाद इंदौर पुलिस ने मामले की जांच की और इस फ्रॉड में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 105/24 BNS की धारा 318(4), 316(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपियों में अनुराग सूरत और मनीष भट्टर शामिल हैं। दोनों ने साथ मिलकर कई साइबर फ्रॉड किए हैं। दोनों के 40 से ज्यादा बैंक अकाउंट्स को इंदौर क्राइम ब्रांच ने फ्रीज कर दिया है। गैंग ने ऐसे कई फ्रॉड करने की बात स्वीकार की है। इससे पहले इंदौर क्राइम ब्रांच ने हरियाणा और महाराष्ट्र से गैंग के चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें मंदीप, सिद्धेश्वर, गुरदीप और कृष्णा कदम शामिल हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की भी जानकारी निकलवा रही है।