16 January 2026 : छात्रों से लाखों की ठगी से लेकर ड्रग्स तस्करी के खुलासा तक, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
इंदौर शहर में हाल ही में कई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंदौर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्रों से लाखों की ऑनलाइन ठगी
इंदौर में छात्रों के साथ ऑनलाइन ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को “इंदौर स्कॉर्ट सर्विस” से जोड़कर छात्रों को झांसा दिया और कार्ल गर्ल उपलब्ध कराने के नाम पर बार-बार पैसे ट्रांसफर करवाए। पीड़ित छात्र इंदौर के विभिन्न कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं। जब दस से अधिक बार पैसे ट्रांसफर करने के बाद भी न तो कोई सर्विस मिली और न ही आरोपियों से संपर्क हो पाया, तब छात्रों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने इंटरनेट पर स्कॉर्ट सर्विस से जुड़े विज्ञापन देखे थे, जिसमें मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करने का विकल्प दिया गया था। संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को सर्विस प्रोवाइडर बताया और अलग-अलग चार्ज के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी अमाउंट, टैक्स और अन्य खर्चों का हवाला देकर लगातार पैसे ट्रांसफर करवाता रहा।

छात्रों का कहना है कि हर ट्रांजेक्शन के बाद उन्हें भरोसा दिलाया जाता था कि जल्द ही कार्ल गर्ल भेज दी जाएगी, लेकिन कुछ ही देर बाद नया बहाना बनाकर फिर से पैसों की मांग की जाती थी। जब छात्रों ने ज्यादा सवाल करने शुरू किए तो आरोपियों ने कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद छात्रों को ठगी का शक हुआ और उन्होंने आपस में बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। लाखों रुपये का नुकसान होने के बाद पीड़ित छात्रों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिए ट्रांजेक्शन किए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है। साथ ही साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों, खासकर युवाओं और छात्रों से अपील की है कि वे ऑनलाइन विज्ञापनों और सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली ऐसी सेवाओं से सावधान रहें। किसी भी तरह की ऑनलाइन सर्विस लेने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें और अनजान लोगों को बिना पुष्टि के पैसे ट्रांसफर न करें। मामले की जांच फिलहाल जारी है।
ड्रग्स तस्करी का खुलासा, नाबालिग गिरफ्तार
इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब एक किलो ग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे क्षेत्र में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस के अनुसार, तिलक नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में नाबालिगों के जरिए ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह तरीका फिल्म रईस में दिखाए गए ड्रग्स तस्करी के पैटर्न से मिलता-जुलता है, जिसमें नाबालिगों का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की सप्लाई कराई जाती है, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर निगरानी शुरू की।

पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक नाबालिग को हिरासत में लिया और जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक किलो ग्राम से अधिक ड्रग्स बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ड्रग्स की तस्करी में शामिल था और शहर के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई करता था। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। तिलक नगर पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे बाल न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित कार्रवाई के लिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नाबालिगों को इस अवैध धंधे में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
जैन मंदिर से दान पेटी चोरी कर आरोपी फरार
इंदौर में एक बार फिर जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात सामने आई है। ताज़ा मामला एमआईजी थाना क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात जैन मंदिर के गेट का ताला तोड़कर मंदिर के अंदर रखी दान पेटी चोरी कर ली। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दरअसल सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि इस वारदात को अंजाम देने वालों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। तीनों आरोपी मंदिर परिसर में घुसते हैं, दान पेटी उठाते हैं और फिर उसे बाहर ले जाकर बाइक पर रखकर फरार हो जाते हैं। फुटेज में मंदिर के गेट पर लगा ताला टूटा हुआ भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

घटना की जानकारी सुबह मंदिर प्रबंधन को लगी, जिसके बाद एमआईजी थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एमआईजी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और अलग-अलग टीमों का गठन कर आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। जैन मंदिर में हुई इस चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त सख्त करने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर लड़ाई का वीडियो वायरल
इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो व्यक्ति आपस में लड़ाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। दरअसल, बताया जा रहा है कि यह वीडियो हाल ही का है और किसी सार्वजनिक स्थान पर रिकॉर्ड किया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर लगातार इस तरह के विवादों के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है।

वायरल वीडियो की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों व्यक्तियों की पहचान कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ऑटो चालक हैं और किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया था। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लड़ाई और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।एमजी रोड थाना पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
