इंदौर: 12 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, गला घोंटा फिर पलंग पेटी में छिपाया शव

बच्चे का शव जिस पलंग पेटी में था, उस पर एक बुजुर्ग महिला सोई हुई थी। पुलिस ने इसी फ्लैट में रहने वाले एक युवक सहित एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पूरे समय जांच में पुलिस को गुमराह कर रहा था।

इंदौर: 12 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, गला घोंटा फिर पलंग पेटी में छिपाया शव

इंदौर। शहर में 12 वर्षीय नाबालिग की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। पूरा मामला एमआईजी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर कॉलोनी का है। मासूम का शव उसी कॉलोनी स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में पलंग पेटी के अंदर छिपाकर रखा गया था। बच्चे के शरीर पर गला दबाने और धारदार और भारी वस्तु से वार किए जाने के कई निशान मिले हैं। 

पलंग के ऊपर एक बुजुर्ग बीमार महिला सोई हुई थी

हैरान करने वाली बात यह रही कि जब पुलिस आरोपी फ्लैट की तलाशी ले रही थी, उसी समय पलंग के ऊपर एक बुजुर्ग बीमार महिला सोई हुई थी और पलंग के अंदर बच्चे का शव छिपा था।

जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर कॉलोनी में रहने वाला 12 साल के अली कादरी शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे घर के बाहर से लापता हो गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एमआईजी थाना पुलिस में अली की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सीसीटीवी फुटेज में अली आखिरी बार दिखाई दिया

सीसीटीवी फुटेज में अली आखिरी बार श्रीदेवी अपार्टमेंट की ओर जाते हुए दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने अपार्टमेंट को जांच का केंद्र बनाया। जांच के दौरान रेहान नाम का एक युवक पुलिस के साथ लगातार मौजूद रहा और सहयोग के नाम पर पुलिस को कई बार गुमराह करता रहा। वह हर तलाशी में पुलिस को इधर-उधर घुमाता रहा, जिससे शुरुआती जांच में कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लग पाया।

इसी बीच शुक्रवार देर रात करीब 9:30 बजे इलाके के एक निवासी ने डायल 112 पर फोन कर बताया कि श्रीदेवी अपार्टमेंट से “बचाओ-बचाओ” की आवाजें आ रही हैं। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अपार्टमेंट में एक बार फिर तलाशी ली, लेकिन उस समय भी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई।

अपार्टमेंट की छत पर मिली खून से सनी जैकेट

शनिवार सुबह मामले ने नया मोड़ लिया, जब श्रीदेवी अपार्टमेंट की छत पर अली की खून से सनी जैकेट बरामद हुई। जैकेट के आसपास हाथ और पैरों के निशान भी मिले, जिससे संघर्ष की आशंका जताई गई। वहीं अपार्टमेंट के नीचे कचरे के ढेर के पास अली का स्कूल बैग भी मिला। इन अहम सुरागों के बाद पुलिस ने एक बार फिर अपार्टमेंट के सभी फ्लैट्स की गहन तलाशी शुरू की।

जब पुलिस उसी फ्लैट में पहुंची, जहां रेहान रहता था, तो तलाशी के दौरान पलंग पेटी खोली गई। पलंग पेटी के अंदर से अली कादरी का शव बरामद होते ही पुलिस और मौजूद लोगों के होश उड़ गए। शव पर गला दबाने के निशान थे और चेहरे पर ईंट या किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान पाए गए।

आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी

पुलिस के अनुसार, रेहान ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने शव को पलंग पेटी में छिपाया था। फ्लैट के अंदर रखी वॉशिंग मशीन में अली और रेहान के कपड़े पानी में डूबे हुए मिले, जिससे साफ है कि आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी। पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य जब्त किए हैं।

घटना को लेकर क्षेत्रीय डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि मामले में एक युवक रेहान और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है।

कार के कांच पर लिखा- तेको नहीं मारना था

इस मामले में एक और रहस्यमयी पहलू सामने आया है। श्रीदेवी अपार्टमेंट के बाहर खड़ी एक कार के कांच पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा “तेको नहीं मारना था” लिखा हुआ पाया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह लिखने वाला कौन है और इसका इस हत्याकांड से क्या संबंध है।

मासूम अली की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।