मैहर में 61.38 लीटर अवैध शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, साथी फरार

मैहर के ताला थाना पुलिस ने 61.380 लीटर अवैध शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया. दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.

मैहर में 61.38 लीटर अवैध शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, साथी फरार

मैहर. जिले के ताला थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 61.380 लीटर शराब जब्त की है. इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.

पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भड़री गांव की ओर से एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक अवैध शराब लेकर ताला-अमरपाटन मुख्य मार्ग की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना ताला पुलिस ने भड़री मोड़ पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की.

कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया. इस दौरान पीछे बैठा युवक मौके से भाग निकला, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश यादव (26) निवासी रामगढ़, थाना ताला, जिला मैहर के रूप में हुई. फरार आरोपी की पहचान संदीप केवट, निवासी रामगढ़ के रूप में हुई है.

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 300 पाउच प्रिंस लेमन देशी प्लेन शराब (54 लीटर) और 41 शीशी गोवा व्हिस्की (7.380 लीटर) बरामद की. कुल 61.380 लीटर अवैध शराब की अनुमानित कीमत ₹28,335 बताई गई है. शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है.

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी महेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में प्र.आर. राकेश मिश्रा, प्र.आर. पंकज मिश्रा, प्र.आर. इच्छालाल तिवारी, आरक्षक नागेन्द्र यादव, आरक्षक वीरेन्द्र नागर और सैनिक धर्मदास दाहिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.