रेल यात्रियों को मिली बड़ी सौगात: भोपाल से झारखंड-यूपी के लिए सीधी एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू
राजधानी भोपाल से झारखंड और उत्तर प्रदेश के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। रेलवे ने भोपाल से धनबाद और भोपाल से चोपन के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है।
भोपाल: रेल यात्रियों के लिए राहत और सुविधा भरी खबर है। राजधानी भोपाल से झारखंड और उत्तर प्रदेश के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। रेलवे ने भोपाल से धनबाद और भोपाल से चोपन के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। इससे मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करना अब और आसान हो जाएगा।
भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस का शेड्यूल
रेलवे द्वारा शुरू की जा रही 11631 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस भोपाल से रात 8:55 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:30 बजे धनबाद पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस का ठहराव विदिशा, गंजबासोदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, ब्योहारी, सिंगरौली, चोपन, रेनुकूट, डाल्टनगंज, लातेहार, टोरी, बोकारो थर्मल और कतरासगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे सिंगरौली और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं वापसी में 11632 धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस धनबाद से सुबह 7 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह ट्रेन भोपाल से सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार, जबकि धनबाद से रविवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी।
भोपाल–चोपन एक्सप्रेस को भी मंजूरी
इसके साथ ही 11633/11634 भोपाल–चोपन एक्सप्रेस के संचालन को भी स्वीकृति दे दी गई है। यह ट्रेन भोपाल से रविवार रात 8:55 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे चोपन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन चोपन से सोमवार शाम 5:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे भोपाल पहुंचेगी।
भोपाल-चोपन ट्रेन के प्रमुख ठहराव
इस ट्रेन का ठहराव विदिशा, गंजबासोदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, ब्योहारी, सिंगरौली, करैला रोड, मिर्चाधुरी और ओबरा डैम जैसे स्टेशनों पर होगा। इससे विंध्य और सिंगरौली अंचल के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
इन दोनों नई ट्रेनों के शुरू होने से भोपाल का सीधा रेल संपर्क झारखंड के औद्योगिक और कोयला क्षेत्र धनबाद तथा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र-चोपन क्षेत्र से स्थापित होगा। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पारिवारिक यात्राओं में यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा। रेलवे के इस फैसले को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
pushpendra 
