प्योर पेट्रोल की मांग पर BJP सांसद का अंट-शंट बयान, बोले- बाप के घर से आएगा?

E20 पेट्रोल विवाद के बीच रीवा से BJP सांसद जनार्दन मिश्रा ने आलोचकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’

प्योर पेट्रोल की मांग पर BJP सांसद का अंट-शंट बयान, बोले- बाप के घर से आएगा?

रीवा: पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने यानी E20 को लेकर देश में चल रही बहस के बीच मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने E20 का विरोध करने वालों पर तीखा हमला बोला और सवाल किया— “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?” उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

E20 के विरोध पर क्या बोले जनार्दन मिश्रा?

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा रीवा से कोलकाता तक हवाई सेवा शुरू होने के कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की नीति का बचाव करते हुए E20 के आलोचकों पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि देश में शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध ही नहीं है, ऐसे में लोग अगर केवल शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं तो वह कहां से आएगा। इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी की, “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?”

सांसद ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और समुद्री मार्गों में बदलाव का हवाला देते हुए कहा कि भारत को पेट्रोल के विकल्प तलाशने होंगे। उन्होंने एथेनॉल को इसी दिशा में एक विकल्प बताया।

ब्राजील का उदाहरण देकर E20 का किया बचाव

जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल के इस्तेमाल को लेकर ब्राजील का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि वहां बड़ी मात्रा में एथेनॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है और इससे वाहन चल रहे हैं। उनका तर्क था कि भारत को भी पेट्रोल के विकल्प के तौर पर एथेनॉल को बढ़ावा देना चाहिए।

भारत सरकार भी E20 कार्यक्रम को ऊर्जा सुरक्षा, कच्चे तेल के आयात में कमी और घरेलू स्तर पर उत्पादित एथेनॉल के इस्तेमाल से जोड़कर देखती है। सरकार के मुताबिक 2025-26 में पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल किया गया है।

आखिर E20 को लेकर विवाद क्यों है?

E20 यानी पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल और बाकी पेट्रोल का मिश्रण। सरकार का कहना है कि एथेनॉल ब्लेंडिंग से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलती है। वहीं E20 को लेकर कुछ वाहन मालिकों और विपक्ष की ओर से माइलेज और पुराने वाहनों के प्रदर्शन पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

सरकार ने इन चिंताओं पर कहा है कि E20 कार्यक्रम वैज्ञानिक रूप से मान्य है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने यह भी कहा है कि E20 के कारण वाहनों में जंग या घिसाव को लेकर किए जा रहे कई दावे भ्रामक या अपुष्ट हैं।

सरकार के मुताबिक E10 के लिए डिजाइन किए गए कुछ पुराने वाहनों में E20 इस्तेमाल करने पर ईंधन दक्षता में मामूली कमी हो सकती है।

राहुल गांधी भी उठा चुके हैं E20 का मुद्दा

E20 का मुद्दा विपक्ष भी लगातार उठा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में एक वीडियो के जरिए E20 को लेकर सवाल खड़े किए और सरकार पर निशाना साधा। ऐसे में जनार्दन मिश्रा का ताजा बयान इस बहस को और गर्म करने वाला माना जा रहा है।

फिलहाल, ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’ वाला बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और विपक्षी नेताओं की ओर से भी सांसद के बयान की आलोचना की जा रही है।