देवास: अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, पथराव में 7 वनकर्मी घायल
जिनवानी वन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई न विभाग और पुलिस की टीम पर 100 से ज्यादा आदिवासियों ने किया पथराव, 7 वनकर्मी घायल, जेसीबी और शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त
देवास जिले के बागली क्षेत्र स्थित जिनवानी वन परिक्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। 13 जून शनिवार को हुए इस हमले में 7 वनकर्मी घायल हो गए हैं, जबकि शासकीय वाहनों और जेसीबी मशीन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, कमलापुर बीट के कक्ष क्रमांक 94, भीलआमला गांव में वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग के पांच परिक्षेत्रों का अमला और कमलापुर पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने पहले विरोध शुरू किया और बाद में स्थिति तेजी से बिगड़ गई। देखते ही देखते करीब 100 से अधिक महिला-पुरुषों की भीड़ ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान जेसीबी मशीन और शासकीय वाहनों के शीशे टूट गए। अचानक हुए हमले से वन विभाग और पुलिस कर्मियों को पीछे हटना पड़ा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी।

इस घटना में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय, सूरज धांधे और वनपाल एवं परिक्षेत्र सहायक के.के. परमार घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र और चापड़ा स्थित आरआर अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
Dewas में वन विभाग की टीम पर हमला, अतिक्रमण हटाने पहुंचे कर्मचारियों पर पथराव
— Public Vani News (@publicvaninews) June 13, 2026
देवास जिले के बागली क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है. @collector_dewas #DewasNews#Bagli pic.twitter.com/pyOWIhUS2B
Varsha Shrivastava 
