छिंदवाड़ा से होगी जन विश्वास अभियान की शुरुआत, 7 अगस्त को CM मोहन सुनेंगे जनता की शिकायतें
7 अगस्त को छिंदवाड़ा दौरे पर रहेंगे CM मोहन, जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में जन विश्वास अभियान के तहत समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
मध्यप्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत छिंदवाड़ा जिले से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं चिन्हित शिकायतकर्ताओं से आमने-सामने संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों से मौके पर समाधान सुनिश्चित कराएंगे। दौरे के दौरान समीक्षा बैठक, मीडिया संवाद और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा भी प्रस्तावित है।
20 से 25 शिकायतों का होगा चयन
लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 20 से 25 शिकायतों का चयन किया जाएगा। इन शिकायतों का परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उनका विवरण सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त निराकरण के आधार पर 5 प्रमुख शिकायतों का अंतिम चयन किया जाएगा, जिन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष समाधान कार्यक्रम में प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री करेंगे व्यक्तिगत सुनवाई
समाधान कार्यक्रम के दौरान चयनित शिकायतकर्ताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उपस्थित किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं शिकायतकर्ताओं की बात सुनेंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों से समाधान की स्थिति की जानकारी लेंगे। कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी ताकि शिकायतों के निराकरण की पारदर्शी निगरानी की जा सके।
समीक्षा बैठक, मीडिया और उद्योग संवाद भी होगा
मुख्यमंत्री के दौरे में जिला प्रशासन के साथ विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा बैठक भी आयोजित होगी। इसके अलावा मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि समाधान कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागीय अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें और शिकायतों के निराकरण से संबंधित पूरी तैयारी सुनिश्चित करें। सरकार का उद्देश्य जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है।
Varsha Shrivastava 
