CM डॉ. मोहन यादव का खुरई में रोड शो, करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम खुरई में 312 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सागर: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम खुरई में 312 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। यह दौरा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के साथ आमजन से सीधे संवाद का अवसर भी बनेगा।
खुरई में रोड शो करेंगे सीएम
दौरे की शुरुआत खुरई शहर में रोड शो से होगी, जहां मुख्यमंत्री जनता से रूबरू होंगे और विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। इसके बाद वे 165 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 38 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 147 करोड़ रुपए की लागत वाले 48 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। ये सभी योजनाएं सड़क, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जो खुरई और आसपास के क्षेत्रों के लिए काफी उपयोगी साबित होंगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव पहली बार खुरई विधानसभा का दौरा करेंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और रोड शो के दौरान एंबुलेंस, डॉक्टर मौजूद रहेंगे। साथ ही फायर ब्रिगेड की भी तैनाती की जाएगी।
लोकपथ 2.0 एप भी लॉन्च किया जाएगा
खुरई पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री भोपाल में लोक निर्माण विभाग के एक अहम कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित इंजीनियर्स प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर से 1500 से अधिक अभियंता शामिल होंगे। इस अवसर पर कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क दस्तावेज का विमोचन किया जाएगा। साथ ही लोकपथ 2.0 एप भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे इंजीनियरिंग कार्यों को डिजिटल माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
pushpendra 
