भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, “जॉइनिंग दो” के नारों से गूंजा DPI कार्यालय

भोपाल में वर्ग-2 शिक्षक भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों ने DPI कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। 2022 से अटकी भर्ती प्रक्रिया और जॉइनिंग में देरी को लेकर 10,700 उम्मीदवारों ने सरकार से जल्द नियुक्ति की मांग की।

भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, “जॉइनिंग दो” के नारों से गूंजा DPI कार्यालय

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। वर्ग-2 शिक्षक भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों ने लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन में प्रदेशभर से पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों ने “जॉइनिंग दो” के नारे लगाए और जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया साल 2022 में शुरू हुई थी, लेकिन 2026 तक भी नियुक्ति नहीं मिल पाई है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पात्रता परीक्षा 2023 में आयोजित हुई थी, जबकि चयन परीक्षा अप्रैल 2025 में कराई गई। इसके बाद सितंबर 2025 में चयन सूची जारी कर दी गई, लेकिन अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

चयनित उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि नियमों के मुताबिक चयन सूची जारी होने के तीन महीने के भीतर नियुक्ति मिल जानी चाहिए थी, लेकिन 8 से 9 महीने बीत जाने के बावजूद अब तक जॉइनिंग नहीं दी गई। वहीं चॉइस फिलिंग और पात्र-अपात्र सूची की प्रक्रिया भी लंबित बताई जा रही है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियुक्ति आदेश जारी नहीं किए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि करीब 10,700 चयनित अभ्यर्थी लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं और अब उनका धैर्य टूटता जा रहा है।

वहीं विभागीय स्तर पर अभी प्रक्रिया पूरी होने में और समय लगने की बात कही जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।