PM मोदी के नेतृत्व में भारत के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: CM डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 साल सेवा, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत का स्वर्णिम काल है।

PM मोदी के नेतृत्व में भारत के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: CM डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान समय देश के इतिहास में यह एक अत्यंत गौरवशाली और युगांतकारी अवसर है। आधुनिक भारत के शिल्पकार और करोड़ों भारतीयों के प्रेरणापुंज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यह 12 साल मात्र एक सरकार के कार्यकाल नहीं हैं, बल्कि यह कालखंड गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान, अंत्योदय के संकल्प की सिद्धि और 'आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण का एक स्वर्णिम अध्याय है।

मुख्यमंत्री भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मीडिया के अनौपचारिक सवालों के जवाब दे रहे थे। दरअसल, नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के लगातार सबसे लंबे समय तक पीएम रहने के रिकॉर्ड को तोड़ा है।

सीएम ने कहा कि साल 2014 में जब देश निराशा, नीतिगत पंगुता और भ्रष्टाचार के दलदल में आकंठ डूबा हुआ था, तब देश की जनता ने राष्ट्र की बागडोर मोदी के हाथों में सौंपी। पीएम मोदी ने अपने विजनरी नेतृत्व से देश को 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' का मूलमंत्र दिया।

इन 12 सालों में भारत ने नीतिगत निर्णयों में जो साहस और विकास कार्यों में जो गति दिखाई है, उससे वैश्विक पटल पर भारत की धाक जमी है। आज जब किसी भी विषय पर भारत बोलता है, विश्व सुनता है और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दुनिया की शक्तियां भारत के रुख के आधार पर अपनी नीतियां तय करती हैं।

दशकों पुराने लंबित मुद्दों का साहसिक समाधान

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मोदी सरकार ने कड़े और साहसिक निर्णय लेते हुए दशकों से लंबित और असंभव से दिखने वाले कार्यों को अपनी राजनीतिक इच्छाशक्ति से यथार्थ में बदला है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त कर 'एक देश में दो निशान, दो प्रधान और दो विधान' की विसंगति को सदा के लिए समाप्त किया।

500 वर्षों के कड़े संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य प्रभु श्री राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महालेश्वर मंदिर में महाकाल लोक और केदारनाथ धाम का जीर्णोद्धार पीएम के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति अटूट संकल्प को दर्शाता है। महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण देना नए भारत के निर्माण में मातृशक्ति की ऐतिहासिक भागीदारी सुनिश्चित करता है।

केंद्र के सहयोग से समय से पहले नक्सल खत्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माने जाने वाले नक्सलवाद और उग्रवाद पर सरकार ने कड़ा प्रहार किया है, जिससे आज भारत लगभग नक्सल मुक्त हो गया है। मध्यप्रदेश सहित देशभर में नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 का समय निर्धारित किया गया था। मध्यप्रदेश इस अवधि के पहले ही प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त कर दिया। नक्सलवाद का प्रदेश में पूरी तरह से समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री का नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन बहुत अहम साबित हुआ।

नक्सलवाद से प्रभावित बालाघाट और मंडला जिलों में अब औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर समाज के मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। हिंसा का गढ़ रहे 'रेड कॉरिडोर' के जिले अब 'ग्रीन ग्रोथ जोन' में तब्दील हो चुके हैं। 'मेक इन इंडिया' की ताकत के दम पर भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,400 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जिससे भारत अब फाइटर जेट और मिसाइल बेचने वाला निर्यातक देश बन चुका है।