उज्जैन: CM ने दी 129 करोड़ की सौगात, विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को गति देते हुए 129 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही इस अवसर पर सीएम ने UtkarshUjjain.com पोर्टल का भी अनावरण किया।
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 दिसंबर सोमवार को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को गति देते हुए 129 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
यह कार्यक्रम नानाखेड़ा स्टेडियम स्थित भव्य सभा स्थल पर आयोजित हुआ। सीएम मोहन यादव ने नगर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने UtkarshUjjain.com पोर्टल का अनावरण किया।
इस दौरान युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल सेतु – इंडस्ट्री लीड स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोडिंग फॉर ऑल) की शुरुआत भी की गई। सीएम ने कहा कि उज्जैन को सिंहस्थ 2028 से पहले सुव्यवस्थित, आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया, उनमें कपिला गौशाला का संवर्धन एवं विकास, शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, सेंट्रल डिवाइडर निर्माण, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी विकास तथा कई प्रमुख चौराहों और सड़कों का उन्नयन शामिल है। इनमें नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस, सांदीपनि चौराहा से उदयन मार्ग, हनुमान नाका से हरिफाटक, नीलगंगा चौराहा से हरिफाटक ब्रिज, टैगोर चौराहा से दो तालाब और गाड़ी अड्डा चौराहा से रणकेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी कार्य नगर निगम उज्जैन के माध्यम से कराए जाएंगे और इनसे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, साथ ही श्रद्धालुओं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि सिंहस्थ 2028 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
Varsha Shrivastava 
