सीधी में TI के सिर पर कुल्हाड़ी मारी, चक्काजाम खुलवाने पहुंचे थे
सीधी में TI के सिर पर कुल्हाड़ी मारी, चक्काजाम खुलवाने पहुंचे थे गुस्साए लोगों ने किया हमला रास्ते को लेकर दो पक्षों में था विवाद
सीधी के कमर्जी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर कुल्हाड़ी और हंसिए से जानलेवा हमला हुआ। ग्राम पटपरा में सड़क जाम हटाने के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। उनके सिर में 12 टांके लगे हैं। उन्हें तत्काल डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल सीधी में एडमिट कराया गया।
चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद और 5 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाया। जिन लोगों ने थाना प्रभारी पर हमला किया था, उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपरा में सरकारी रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन दिए गए थे।
कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने चक्काजाम किया
कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने 12 बजे सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर कुल्हाड़ी और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी था।
5 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया। आरोप है कि सड़क जाम हटाने से रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली।
एसपी बोले- गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही
एसपी कोरी ने कहा कि थाना प्रभारी पर हमला गंभीर मामला है। पांच थानों का पुलिस बल और एसडीओपी को मौके पर भेजा गया। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, डॉ. बृजेश पांडे ने बताया कि टीआई की हालत गंभीर बनी हुई है। हम लगातार निगरानी कर रहे हैं।

