नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप नीट परीक्षा की पारदर्शिता पर उठाए सवाल, पूर्व विधायक बन्ना बोले- कर्ज लेकर पढ़ाने वाले परिवार तबाह सरकार सिर्फ ‘परीक्षा पर चर्चा’ करती है, लेकिन ‘परीक्षा की शुचिता’ पर चुप रहती है 

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिला कांग्रेस कार्यालय मऊगंज में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने कहा कि पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य अंधेरे में डाल दिया है। बन्ना ने कहा कि मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों ने बच्चों की मेडिकल पढ़ाई के लिए जमीन-जेवर गिरवी रखकर, कर्ज लेकर कोचिंग कराई। लेकिन परीक्षा में हुई गड़बड़ियों ने छात्रों का मनोबल तोड़ दिया। कई छात्र अवसाद में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार एक सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली तक उपलब्ध नहीं करा पाई। हर साल नीट, यूजीसी-नेट जैसी परीक्षाओं पर सवाल उठना शिक्षा व्यवस्था की विफलता है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने दिन-रात मेहनत की, उनके साथ अन्याय हुआ। वहीं पेपर लीक माफिया और नकल गिरोह मजबूत हो रहे हैं। सरकार की एजेंसियां मूकदर्शक बनी हैं। कांग्रेस इसकी उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।  

कांग्रेस चलाएगी देशव्यापी संवाद अभियान 

पूर्व विधायक बन्ना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया कोटा दौरे का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने कोटा के कोचिंग छात्रों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, तनाव और व्यवस्था की खामियां समझीं। 
बन्ना ने कहा कि राहुल गांधी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। कांग्रेस अब देश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों- कोटा, इंदौर, पटना, दिल्ली में छात्रों से संवाद का अभियान चलाएगी। इसका मकसद छात्रों की आवाज को संसद से सड़क तक पहुंचाना है। उन्होंने केंद्र पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार सिर्फ ‘परीक्षा पर चर्चा’ करती है, लेकिन ‘परीक्षा की शुचिता’ पर चुप रहती है।

नेहरू ने दिए आईआईटी,आईआईएम, मौजूदा सरकार में शिक्षा व्यवस्था वेंटिलेटर पर: कांग्रेस 

बन्ना ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आईआईटी, आईआईएम, एआईआईएमएस जैसे विश्वस्तरीय संस्थान देकर युवाओं के लिए अवसरों के द्वार खोले थे। नेहरू का विजन था कि भारत का युवा दुनिया से मुकाबला करे। किन आज की सरकार में शिक्षा का बाजारीकरण हो गया है। प्राइवेट कोचिंग माफिया हावी है और सरकारी संस्थानों की हालत खराब है। हर परीक्षा के बाद पेपर लीक, रिजल्ट में गड़बड़ी और कोर्ट केस आम हो गए हैं। इससे दुनिया में भारत की छवि खराब हो रही है।  

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिलाल कोल ने कहा कि यह सिर्फ नीट का नहीं, पूरे युवा भविष्य का सवाल है। कांग्रेस गांव-गांव जाकर छात्रों और अभिभावकों को जागरूक करेगी। मीडिया से भी अपील है कि इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाए। 
कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता पार्षद विश्वनाथ मिश्रा, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष तिवारी, जनपद सदस्य सेख मुख्तार सिद्दीकी, वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल तिवारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के हितों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेगी।