बरगी डैम हादसे के 24 घंटे बाद भी रेस्क्यू जारी, कुछ लोग अब भी लापता, पीएम ने जताया दुख

बरगी डैम हादसे में 28 लोगों को बचा लिया गया है. तीन बच्चों सहित 4 लोग लापता हैं, हादसे के वक्त क्रूज में क्रूज में 40 से 45 लोग सवार थे.

बरगी डैम हादसे के 24 घंटे बाद भी रेस्क्यू जारी, कुछ लोग अब भी लापता, पीएम ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में बीते गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया. क्रूज में 40 से 45 पर्यटक सवार थे. अब तक 9 लोगों का शव निकाला जा चुका है. प्रशासन के मुताबिक, 28 लोगों को बचा लिया गया है. तीन बच्चों सहित 4 लोग अभी भी लापता हैं. जानकारी के मुताबिक टिकट सिर्फ 29 लोगों की कटी थी. बाकी लोग बिना टिकट के सवार थे. 

किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ हादसा 

हादसा दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ. घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. और कुछ ही देर बाद SDRF की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के बारगी डैम पहुंच गई थी, खबर के लिखे जाने तक SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

क्रूज को सफलतापूर्वक किनारे तक लाया जा चुका है और अब उसे क्रेन की सहायता से बाहर निकालने का प्रयास जारी है। घटनास्थल पर एसीएस संजय दुबे, डॉ. इलैयाराजा, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी संपत उपाध्याय सहित सभी संबंधित अधिकारी तथा राहत एवं बचाव दल पूरी तत्परता के साथ मौजूद हैं।

जबलपुर में हुई दुखद घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बयान देते हुए कहा कि-

"जो घटना हुई है वह बेहद दुखद है। अब तक 29 लोगों की जान बचाई जा चुकी है। जो जानकारी प्राप्त हो रही है उसमें अभी तक नौ लोगों की मौत की खबर आई है। इस पूरे घटनाक्रम में पर्यटन विभाग के मंत्री धर्मेंद्र लोधी, मंत्री राकेश सिंह सहित पूरा प्रशासन लगा हुआ है। सभी लोगों से लगातार संपर्क बनाए जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर हम जांच भी कर रहे हैं और जांच दल भी गठित किया जा रहा है। यह घटना बेहद दुखद है, जिसको लेकर मैं कहना चाहता हूं कि सभी लोग लाइफ जैकेट का उपयोग करें।"

जबलपुर के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा भी घटना स्थल पहुंचे

जबलपुर के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा भी घटना स्थल पर पहुंचे और हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहां घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री राकेश सिंह और सांसद मौके पर पहुंचे हैं. प्रशासन पूरी तत्परता के साथ काम रहा है. 

घटना स्थल पहुंचे उमंग सिंघार 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे वाली जगह का दौरा किया.इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन की  जानकारी ली. साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम को समझा और राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की. उन्होंने हादसे को सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया. और कहा कि प्रदेश सरकार हर बड़े हादसे के बाद केवल जांच की औपचारिकता निभाती है.