भोपाल में विजय शाह के बयान पर सियासी बवाल: सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन
सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री कुंवर विजय शाह के विवादित बयान के बाद सियासत गरमा गई है। सुप्रीम कोर्ट की ओर टिप्पणी के बाद राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।और मंत्री कुंवर विजय शाह पर कार्रवाई की मांग की हैं।
भोपाल: सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री कुंवर विजय शाह के विवादित बयान के बाद सियासत गरमा गई है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से यह टिप्पणी किए जाने के बाद कि माफी मांगने में मंत्री कुंवर विजय शाह ने देरी की, कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। कोर्ट की टिप्पणी के अगले ही दिन राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रतीकात्मक रूप से मंत्री विजय शाह को बंदी बनाया
कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मंत्री कुंवर विजय शाह को बंदी बनाकर हाथों में हथकड़ियां पहनाईं और पुलिस के सुपुर्द करने का नाटक किया। प्रदर्शन की खास बात यह रही कि जिस कार्यकर्ता को सांकेतिक रूप से विजय शाह बनाया गया था, उसे हथकड़ी लगाकर हबीबगंज थाने ले जाने की कोशिश की गई।इस दौरान मौके पर डायल-100 या तत्काल पुलिस बल नहीं पहुंचा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पास ही स्थित पांच नंबर पुलिस चौकी में उस व्यक्ति को प्रतीकात्मक रूप से बंद कर दिया। बाद में पुलिस को सूचना देकर उसे उनके सुपुर्द किया गया।

कांग्रेस का अल्टीमेट,मंत्री कुंवर विजय शाह पर हो सख्त कार्रवाई
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें मंत्री पद से नहीं हटाया गया, तो कांग्रेस मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी और मंत्री के घर के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद बढ़ा दबाव
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री का बयान न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि संवैधानिक मर्यादाओं के भी खिलाफ है। पार्टी इसे महिला सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़कर सरकार पर सीधा हमला कर रही है।अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाती है और मंत्री विजय शाह के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया जाता है या नहीं।
sanjay patidar 
