Sidhi: हेड मास्टर खुद लगाते हैं झाड़ू, बच्चों के लिए खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी
पटिया टोला स्कूल में सफाई कर्मी की कमी और जर्जर भवन के बीच पढ़ाई जारी, हेड मास्टर खुद लगाते हैं झाड़ू, बोले- बच्चों से नहीं करवाना चाहता सफाई, विद्यालय की व्यवस्था सुधारने में जुटे प्रधानाध्यापक
Sidhi। जिले के पटिया टोला स्थित एक विद्यालय में हेड मास्टर की पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए प्रधानाध्यापक स्वयं सुबह स्कूल पहुंचकर झाड़ू लगाते हैं और परिसर की सफाई करते हैं। उनका कहना है कि वह अपने विद्यालय के छात्रों से सफाई का काम नहीं करवाना चाहते, इसलिए उन्होंने खुद यह जिम्मेदारी उठाई है।

हेड मास्टर ने बातचीत के दौरान बताया कि विद्यालय में सफाई कर्मियों की नियुक्ति तो है, लेकिन उन्हें आज तक यह जानकारी नहीं मिल पाई कि सफाई कर्मी नियमित रूप से विद्यालय में कब आए। इसी कारण बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए वह स्वयं स्कूल की साफ-सफाई कर लेते हैं।
जर्जर भवन से बच्चों को हो रही परेशानी
प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की अन्य समस्याओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग काफी जर्जर स्थिति में है, जिसके कारण बच्चों को पढ़ाई के दौरान कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भवन की स्थिति, सुविधाओं की कमी और अन्य समस्याओं के बावजूद विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने अपनी समस्याओं और विद्यालय की स्थिति को खुद अपनी जुबानी सामने रखा। उनकी पहल जहां जिम्मेदारी और समर्पण की तस्वीर दिखाती है, वहीं यह सवाल भी खड़े करती है कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कितनी गंभीरता बरती जा रही है।
Varsha Shrivastava 
