शादी समारोह के दौरान दिव्यांग युवती से कार में गैंगरेप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 3 की तलाश जारी
सतना के सभापुर थाना क्षेत्र में दिव्यांग युवती को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी किशन सिंह बिरहा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रात को कोटर क्षेत्र के बिहरा गांव से एक बारात आई थी, जिसके स्वागत के लिए वधू पक्ष के साथ गांव के कई परिवार भी शामिल थे। इन्हीं में पीड़ित 20 वर्षीय मूक-बधिर और मानसिक रूप से कमजोर युवती भी थी। जब विवाह की रस्में शुरू हो गईं, तभी युवती पैदल घर जा रही थी।

उसी दौरान आरोपी किशन सिंह बिरहा सहित तीन अन्य युवक पीड़ित युवती को मैरिज गार्डन के बाहर खड़ी अपनी कार में ले गए। जहां आरोपी किशन सिंह नामक युवक ने उसके साथ रेप किया, जबकि तीन युवक बाहर निगरानी करते रहे।

काफी देर तक ज्यादती करने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को छोड़ दिया, मगर वह किसी से कुछ बता नहीं पाई। इस बीच उसकी हालत देखकर परिजनों को संदेह हुआ तो इशारों में किसी तरह बातचीत की और फिर फरियाद लेकर थाने पहुंच गए।

पुलिस ने महिला थाना स्टाफ और सीडब्ल्यूसी (CWC) की मदद से विशेषज्ञ बुलाकर बयान लिए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 70(1), 64(2)(L), 64(2)(K) एवं दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की धारा 92(D) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास प्रारंभ कर दिए। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी किशन को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

वहीं तीन अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं। बताया गया है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ में सहयोगियों के नाम सामने आ चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी उनके नाम उजागर नहीं कर रही है।

