CM हेल्पलाइन में शिकायतों का अंबार, 17 हजार से ज्यादा मामले लंबित, प्रशासन हरकत में
सतना जिले में CM हेल्पलाइन की 17,074 शिकायतें लंबित हैं. जुलाई में 7,600 से ज्यादा नई शिकायतें दर्ज हुईं. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से पहले प्रशासन शिकायतों के निपटारे में जुट गया है.
सतना। जिले में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। मौजूदा समय में 17,074 शिकायतें लंबित हैं, जिनमें कई ऐसी भी हैं जो महीनों नहीं बल्कि वर्षों से समाधान का इंतजार कर रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जुलाई महीने में ही 7,622 से अधिक नई शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिससे लंबित मामलों की संख्या और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार कई शिकायतें 50 दिन, 100 दिन, 500 दिन और यहां तक कि एक हजार दिन से भी अधिक समय से लंबित हैं। शिकायतों के निपटारे के लिए तय समय सीमा का सख्ती से पालन नहीं होने और देरी पर जवाबदेही तय नहीं होने से यह स्थिति बनी हुई है।
हालांकि अब 7 अगस्त से शुरू होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को देखते हुए प्रशासन ने लंबित शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। अभियान के तहत जिन प्रमुख बिंदुओं पर काम होना है, उनमें सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की सभी लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान भी शामिल है। इसी वजह से विभिन्न विभागों में तेजी से समीक्षा और कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं से किया जा रहा संपर्क
सूत्रों के अनुसार लंबे समय से लंबित शिकायतों को निपटाने के लिए अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर रहे हैं। कई मामलों में शिकायत का समाधान कर उसे वापस लेने का अनुरोध किया जा रहा है, जबकि कुछ शिकायतों को फोर्स क्लोज करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

इन विभागों में बड़ी संख्या में शिकायतें 50 दिन और 100 दिन से अधिक समय से भी लंबित हैं, जिससे शिकायत निवारण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू होने से पहले अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण कर लंबित मामलों की संख्या कम करने का प्रयास किया जाएगा।
Anubhav Dubey 
