Cyber Fraud Recovery : इंदौर में बिजली बिल के नाम पर साइबर ठगी, क्राइम ब्रांच ने वापस दिलाए 1.45 लाख
Indore Cyber Fraud Recovery : पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, करीब एक घंटे के भीतर उसके क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 45 हजार रुपये कट गए।
Indore Cyber Fraud Recovery : मध्य प्रदेश। इंदौर में बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। व्हाट्सएप पर आए एक फर्जी संदेश के झांसे में आकर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 45 हजार रुपये कट गए। हालांकि, इंदौर क्राइम ब्रांच ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
बिजली कनेक्शन काटने को दी धमकी
दरअसल, पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक संदेश आया था, जिसमें बिजली का बिल जमा नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। अचानक बिजली कनेक्शन कटने की आशंका से पीड़ित घबरा गया और संदेश भेजने वाले से संपर्क किया। इस दौरान उसे एक लिंक भेजी गई।
लिंक पर क्लिक करने के बाद कटे पैसे
पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, करीब एक घंटे के भीतर उसके क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 45 हजार रुपये कट गए। जिसमें ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित बैंक खाते को ब्लॉक कराया।
इसके बाद पीड़ित की ठगी गई पूरी रकम वापस दिलाने में सफलता मिली। क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि बिजली बिल या कनेक्शन काटने की धमकी वाले अज्ञात संदेशों से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संबंधित बिजली कंपनी से पुष्टि करने के बाद ही कोई कदम उठाएं।

