त्योहारों को लेकर इंदौर पुलिस अलर्ट : गरबा पंडालों में सादे कपड़ों में तैनात महिला बल, ड्रोन से हो रही निगरानी
संवेदनशील स्थानों और छतों तक पुलिस की सर्चिंग टीम आसानी से नहीं पहुंच पाती, वहां ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
मध्य प्रदेश। इंदौर में आगामी त्योहारों, नवरात्रि और गरबा आयोजनों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। गरबा पंडालों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक पुलिस की पैनी नजर है। महिला सुरक्षा के लिए शक्ति मोबाइल और महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया है, वहीं ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
दरअसल, इंदौर में त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। गरबा पंडालों और संवेदनशील क्षेत्रों में शक्ति मोबाइल के साथ महिला पुलिस बल सादे कपड़ों में तैनात रहकर लगातार चेकिंग कर रहा है।
शहर के हॉटस्पॉट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शक्ति मोबाइल की पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। इसके साथ ही सेक्टर मोबाइल पार्टियां भी सक्रिय हैं। जिन संवेदनशील स्थानों और छतों तक पुलिस की सर्चिंग टीम आसानी से नहीं पहुंच पाती, वहां ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, सोशल मीडिया पर भी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह के आपत्तिजनक वीडियो, मारपीट या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट सामने आने पर तत्काल संज्ञान लिया जा रहा है। ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज करने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सतत पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान जारी रहेगा, ताकि शहर में शांति बनी रहे और नागरिक सुरक्षित माहौल में उत्सव मना सकें।

