इंदौर नाबालिग से अभद्रता मामला : POCSO लगने के बाद कमल चौहान बोले- दोषी निकला तो फांसी पर लटका देना
भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान पर प्रकरण दर्ज होने के बाद अब उनका वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी सफाई देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Kamal Chauhan Video : मध्य प्रदेश। इंदौर के कनकेश्वरी गरबा पंडाल में 15 वर्षीय बालिका के साथ कथित अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान पर प्रकरण दर्ज होने के बाद अब उनका वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी सफाई देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, इस मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इंदौर के कनकेश्वरी गरबा पंडाल में 15 वर्षीय बालिका से कथित अभद्रता मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान पर केस दर्ज। वीडियो में उन्होंने माफी मांगी और निष्पक्ष जांच की मांग की। #Indore #BJP #GarbaPandal https://t.co/UZfOYEXP3z
— Public Vani News (@publicvaninews) October 18, 2026
दरअसल, इंदौर के कनकेश्वरी गरबा पंडाल में बालिका के साथ कथित अभद्रता और धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया था। मामले में हीरा नगर पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
केस दर्ज होने के बाद कमल चौहान ने वीडियो जारी कर कहा कि बालिका के पिता शराब के नशे में पंडाल में पहुंचे थे और बालिका भी अंदर आने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि वह वर्षों से गरबा आयोजन में सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही अपनी गलती के लिए माफी मांगते हुए मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग की।
कमल चौहान ने यह भी कहा कि दोषी साबित होने पर उन्हें राजवाड़ा चौराहे पर फांसी पर लटका दिया जाए। इधर, घटना के कुछ समय बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इसी आयोजन में पहुंचे थे और उन्होंने कन्या पूजन किया था।
अब सवाल उठ रहे हैं कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री तक समय पर क्यों नहीं पहुंची और कार्रवाई में देरी क्यों हुई। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर सरकार की कार्रवाई और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था से भी तुलना की जा रही है।

