भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा बोले- भोजशाला में पूजा रोकना उचित नहीं
धार जिले की भोजशाला में मां वाग्देवी (सरस्वती) के पूजन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोजशाला में देवी का पूजन स्वाभाविक है और किसी को इसे रोकने का अधिकार नहीं।
भोपाल: धार जिले की भोजशाला में मां वाग्देवी (सरस्वती) के पूजन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने पूजा के अधिकार को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी है।
विद्या की देवी सरस्वती की पूजा जारी रखने की अपील
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत के सनातन समाज की यह मांग पहले भी रही है आज भी है और आगे भी बनी रहेगी कि जहां देवी विराजमान हो, वहां पूजा की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि भोजशाला वही स्थान है जहां बागेश्वरी देवी का वास है, इसलिए वहां पूजा होना स्वाभाविक और उचित है। शर्मा ने आगे कहा कि मुस्लिम समाज भी यह मानता है कि जिस स्थान पर भगवान विराजमान हों, वहां की इबादत स्वीकार नहीं होती। ऐसे में मुसलमानों को इस तथ्य को समझते हुए राजनीतिक प्रभाव से दूर रहकर हिंदू समाज के साथ सौहार्द बनाए रखना चाहिए।
रामेश्वर शर्मा बोले: पूजा रोकना उचित नहीं
उन्होंने यह भी कहा कि भोजशाला राजा भोज द्वारा निर्मित भूमि पर स्थित है और राजा भोज ने वहां मां सरस्वती का मंदिर स्थापित कराया था। मां सरस्वती विद्या की देवी हैं और उनकी पूजा-अर्चना से किसी को रोका जाना उचित नहीं है। अनावश्यक विवाद खड़ा करना सही नहीं है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस विषय को लेकर वे लगातार सर्वोच्च न्यायालय से आग्रह करते रहेंगे। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और न्यायालय की शरण में जाकर यह मांग रखेंगे कि मां जगत जननी देवी सरस्वती की पूजा और आराधना बिना बाधा के जारी रहने दी जाए।
sanjay patidar 
