राहुल गांधी के ‘जी राम जी’ का नाम नहीं लेने पर सियासत तेज ,भाजपा कांग्रेस आमने-सामने
मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की वीबी जी राम जी योजना का नाम न बोल पाने को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई हैं।
भोपाल:मध्यप्रदेश में राहुल गांधी द्वारा वीबी जी राम जी योजना का नाम ठीक से न बोल पाने को लेकर सियासी जंग जारी है। इस पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच बयानबाज़ी बढ़ गई है।
बीजेपी राम और गांधी को जोड़कर जनता का ध्यान भटका रही-कुणाल चौधरी
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा कि बीजेपी इस मुद्दे को तूल देकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा भगवान राम और महात्मा गांधी को आपस में जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा भगवान राम में आस्था जताई है और जनता के मुद्दों को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चलाने का प्रयास किया है। कुणाल चौधरी ने यह भी सवाल उठाया कि मनरेगा मिशन के नाम पर गरीबों का लाभ क्यों नहीं बढ़ाया गया और क्या मध्यप्रदेश आर्थिक रूप से सक्षम है कि इस योजना का संचालन कर सके।
भगवान के अपमान पर कांग्रेस मांगे देश से माफी-रामेश्वर शर्मा
वहीं, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस और गांधी परिवार सनातन संस्कृति के विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी भगवान राम को लेकर विवादास्पद हलफनामे दिए थे और आज भी राहुल गांधी राम का नाम लेने से हिचक रहे हैं। रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टिकरण नीति को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि भगवान के अपमान को पूरा हिंदुस्तान कभी माफ नहीं करेगा। उनका कहना था कि कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।
sanjay patidar 
