भाजपा की नई शुरुआत: नितिन नबीन सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, मोदी बोले- नितिन नबीन मेरे बॉस हैं
नितिन नबीन ने बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली है।
नई दिल्ली: भाजपा में आज, 20 जनवरी को एक नया अध्याय शुरू हो गया है। नितिन नबीन ने बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। बीजेपी मुख्यालय में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर बधाई दी।
नितिन नबीन मेरे बॉस- पीएम
इस मौके पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं जबकि अध्यक्ष नितिन नबीन उनके बॉस हैं। 'भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां लोगों को लगता होगा कि मोदीजी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। हेड ऑफ द गवर्नमेंट बन गए हैं। इन सबसे बड़ी चीज है कि मैं BJP का कार्यकर्ता हूं। लेकिन मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैं, मैं कार्यकर्ता हूं।'
छग में सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई: नड्डा
कार्यभार संभालने से पहले उनके अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा जेपी नड्डा ने की। इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि नबीन ने छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में बीजेपी की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। नड्डा ने कहा कि, देश के दलित, वंचित और सभी ने समझा है कि देश अगर आगे बढ़ रहा है और देश सुरक्षित आगे बढ़ रहा है तो आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। देश के मतदाताओं ने ठान लिया कि कोई भी चुनाव आएगा तो मोदी जी को भरपूर आशीर्वाद देंगे और देश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
इससे पहले नितिन नबीन ने दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवालान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। 45 साल की उम्र में वे भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जो 49 वर्ष की उम्र में पार्टी अध्यक्ष बने थे।
भाजपा मुख्यालय में सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी। किसी अन्य उम्मीदवार के सामने न आने के कारण नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने उनके समर्थन में आए 37 नामांकन पत्रों को स्वीकार किया, जिनमें 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से तथा एक संसदीय दल की ओर से था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, किरेन रिजिजू, हरदीप सिंह पुरी और जेपी नड्डा जैसे वरिष्ठ नेताओं ने उनके नामांकन का समर्थन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन के सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी। वे आगामी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा का नेतृत्व करेंगे।
pushpendra 
