नीलकंठ मंदिर में चोरी: बांसुरी–मुकुट और आभूषण ले उड़े चोर, CCTV और DVR भी साथ ले गए
सतना के नीलकंठ आश्रम मंदिर में बड़ी वारदात, तीन ताले तोड़कर श्रीकृष्ण के आभूषण समेत CCTV भी उड़ा ले गए चोर, जांच में जुटी पुलिस
सतना। जिले में चोर गिरोह की सक्रियता दिन-ब-दिन बढती जा रही है। दिनदहाड़े ताले टूट रहे हैं। रात को भी घर और दुकान को भी निशाना बनाया जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक चोर गिरोह को चिन्हित नहीं कर पा रही है। अब चोरों ने भगवान को भी निशाना बना डाला।

तीन ताले तोड़कर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचे चोर
परसमनिया पठार के रामपुर पाठा में स्थित नीलकंठ मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। तीन ताले तोड़कर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचे चोरों ने बांसुरी-मुकुट और आभूषण सहित अन्य सामान चुरा ले गए। जानकारी के अनुसार, उचेहरा थाना के परसमनिया चौकी अन्तर्गत रामपुर पाठा में स्थित प्रसिद्ध नीलकंठ आश्रम के श्री राधाकृष्ण मंदिर में रविवार- सोमवार की दरम्यानी रात चोर घुसे।

कैमरे और DVR अपने साथ ले गए चोर
मंदिर में घुसकर चोरों ने श्रीकृष्ण की प्रतिमा से चांदी की बांसुरी, मुकुट, आभूषण, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया। इतना ही नहीं चोरों ने अपनी पहचान छिपाए रखने के लिए मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ लिए। कैमरे और DVR चोर अपने साथ ले गए। मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी रविवार की सुबह पुजारी दिनकर मिश्रा के पहुंचने पर हुई। पुजारी ने बताया कि शनिवार की रात शयन आरती के बाद मंदिर का पट बंद कर विधिवत ताले लगाए गए थे। चोरों ने मंदिर के तीन ताले तोड़े।

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
नीलकंठ आश्रम के श्रीराधा कृष्ण मंदिर में चोरी की घटना की शिकायत मिलने पर चौकी प्रभारी परसमनिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिला मुख्यालय से डाग स्क्वायड के अलावा फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ को जांच के लिए बुलाया गया। हालांकि, जांच में पुलिस टीम को चोरों के बारे में कोई साक्ष्य नहीं मिल पाया है। बहरहाल पुलिस के द्वारा तकनीकी जांच के जरिए साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
