मऊगंज में गणतंत्र दिवस समारोह की रही धूम, कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण

मऊगंज जिले में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. जिलेभर में विभिन्न शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, नगर पंचायतों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया. 

मऊगंज में गणतंत्र दिवस समारोह की रही धूम, कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
GOOGLE

मऊगंज जिले में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. जिलेभर में विभिन्न शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, नगर पंचायतों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया. 

जिला स्तरीय मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर मऊगंज में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय कुमार जैन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. इसके पश्चात उन्होंने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया.

आकर्षक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुख्य समारोह में परेड कमाण्डर के नेतृत्व में आकर्षक सशस्त्र और अशस्त्र परेड प्रस्तुत की गई. परेड में एसएएफ, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, होमगार्ड, सीनियर-जूनियर एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रास और एनएसएस के दल शामिल रहे. परेड के पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया.

इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर नारियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया. समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों को दर्शाती आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं.

पुरस्कार वितरण

समारोह का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ. सशस्त्र परेड में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल, द्वितीय स्थान विशेष सशस्त्र बल 25वीं वाहिनी तथा तृतीय स्थान जिला महिला पुलिस बल को मिला. अशस्त्र परेड में एनसीसी जूनियर को प्रथम, एनसीसी जूनियर को द्वितीय तथा स्काउट बालक को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जीवन ज्योति स्कूल नईगढ़ी को प्रथम, बिरसा मुंडा इंटरनेशनल स्कूल देवतालाब को द्वितीय तथा एमजी पब्लिक स्कूल मऊगंज को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. झांकियों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को प्रथम, जनजातीय कार्य विभाग को द्वितीय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को तृतीय स्थान मिला. 

गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, जनपद अध्यक्ष मऊगंज नीलम सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।