मऊगंज में नाला पार करते समय हादसा, तेज बहाव में बहे अधेड़ की मौत

मऊगंज के कदुआमन गांव में रिश्तेदारी से लौट रहे 46 वर्षीय राम कुमार गोंड अदवा नाला पार करते समय तेज बहाव में बह गए। गुरुवार को उनका शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला।

मऊगंज में नाला पार करते समय हादसा, तेज बहाव में बहे अधेड़ की मौत

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज:
जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले को पार करना एक अधेड़ को भारी पड़ गया। मऊगंज थाना क्षेत्र के कदुआमन गांव में अदवा पहाड़ी नाला पार करते समय 46 वर्षीय राम कुमार गोंड तेज बहाव में बह गए। गुरुवार दोपहर उनका शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल मऊगंज भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, करियाझर निवासी राम कुमार गोंड रिश्तेदारी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश से नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नाला पार करते समय उनका पैर फिसल गया और वह तेज धारा में बह गए। परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार शाम तक उनकी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह दोबारा शुरू हुई तलाश के दौरान दोपहर करीब तीन बजे शव झाड़ियों में फंसा मिला।

मृतक के चाचा रामजियामन सिंह गोंड ने बताया कि राम कुमार रिश्तेदारी से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में उफनते नालों और नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।