मानसून से पहले ही बारिश का 65% कोटा पूरा, ग्वालियर समेत आधे MP में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में प्री-मानसून बारिश ने जून महीने का अधिकांश कोटा पूरा कर लिया है और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी करते हुए 15-18 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई है।
मध्य प्रदेश में प्री-मानसून के आते ही बारिश ने अपना रिकॉर्ड बनाना भी शुरू कर दिया है। अभी जून शुरू हुए 8 ही दिन हुए हैं कि बारिश ने जून महीने का औसत कोटा लगभग पूरा कर लिया है। अब औसत वर्षा का सिर्फ 35% कोटा ही बचा है, बाकी का 65 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 15 से 18 जून के बीच प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है, जिससे गर्मी से और राहत मिलेगी। बीते 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, कई जिलों में तापमान में कमी दर्ज की गई।

2.5 इंच बारिश के साथ नीमच बारिश में टॉप पर रहा। बात करें राजधानी की तो भोपाल समेत आगर-मालवा और शाजापुर में अब तक 2 इंच पानी गिर चुका है, जबकि नीमच में ढाई इंच बारिश हुई है। वहीं, कई जिलों में एक इंच से भी ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

IMD भोपाल के अनुसार, आज ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी में आंधी-बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने तेज बारिश और आंधी के चलते लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले कुछ दिनों में मौसम में और भी बदलाव आ सकता है।


