खुद को बताया सबसे बड़ा भगोड़ा! ललित मोदी और विजय माल्या का वीडियो वायरल

लंदन में रह रहे ललित मोदी ने विजय माल्या की बर्थडे पार्टी का वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों भारत में अपने ऊपर चल रहे मामलों को लेकर खुलकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

खुद को बताया सबसे बड़ा भगोड़ा! ललित मोदी और विजय माल्या का वीडियो वायरल

भारत छोड़कर फॉरेन में रह रहे ललित मोदी और विजय माल्या एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर इन दोनों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो विजय माल्या की बर्थडे पार्टी का है, जिसे IPL के फाउंडर और पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि ललित मोदी और विजय माल्या कुछ मेहमानों के साथ बातचीत कर रहे हैं। बातचीत के दौरान दोनों भारत में अपने ऊपर चल रहे मामलों को लेकर बेझिझक बातें करते नजर आते हैं। इसी वजह से यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।

विजय माल्या की बर्थडे पार्टी का वीडियो

ललित मोदी ने विजय माल्या के 70वें जन्मदिन से पहले एक पार्टी रखी थी। उसी पार्टी का वीडियो उन्होंने इंस्टाग्राम पर डाला। वीडियो में ललित मोदी मजाकिया अंदाज में खुद को भारत का “सबसे बड़ा भगोड़ा” कहते भी सुनाई दे रहे हैं। उनका इस तरह खुलेआम बयान देना लोगों को हैरान कर रहा है।

View this post on Instagram

A post shared by Lalit Modi (@lalitkmodi)


पोस्ट सामने आते ही कुछ ही घंटों में इस पर हजारों व्यूज और कमेंट आ गए। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं।

कई सालों से भारत से बाहर हैं दोनों

ललित मोदी और विजय माल्या दोनों पिछले दस साल से ज्यादा समय से भारत के बाहर रह रहे हैं। भारत में इन दोनों के खिलाफ गंभीर आर्थिक मामलों की जांच चल रही है। ललित मोदी पर IPL से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। वो साल 2010 में भारत छोड़कर लंदन चले गए थे। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप राजनीतिक वजहों से हैं।

वहीं विजय माल्या पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये के बैंक लोन फ्रॉड का आरोप है। वे 2016 से ब्रिटेन में रह रहे हैं। भारत की एक अदालत ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर रखा है।

प्रत्यर्पण की कोशिशें जारी

भारत सरकार दोनों को वापस लाकर अदालत में पेश करना चाहती है। विजय माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर ब्रिटेन की अदालतों में लंबी कानूनी लड़ाई चल चुकी है। दूसरी ओर, ललित मोदी इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के दायरे में हैं, जो भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर जारी किया गया था।

हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद फिलहाल दोनों लंदन में ही रह रहे हैं और भारत में उनके मामले अभी भी कानूनी प्रक्रिया में हैं।