कर्ज के चलते इंजीनियर से बना चोर, EMI भरने के लिए ट्रेन में की चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

खंडवा में EMI चुकाने के लिए ट्रेन में चोरी करने वाले महाराष्ट्र के इंजीनियर को GRP पुलिस ने गिरफ्तार किया, आरोपी से मोबाइल और नकदी बरामद।

कर्ज के चलते इंजीनियर से बना चोर, EMI भरने के लिए ट्रेन में की चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
GOOGLE

मध्य प्रदेश के खंडवा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महाराष्ट्र के रहने वाले एक इंजीनियर युवक को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो कर्ज और EMI के बोझ के चलते चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाता था।

बताया जा रहा है कि आरोपी इंजीनियर महंगे शौक और बाइक की किश्तों के कारण कर्ज में डूब गया था। जब EMI चुकाने का दबाव बढ़ा तो उसने चोरी का रास्ता अपना लिया। इसके बाद वह ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों का कीमती सामान चुराने लगा। लेकिन कहते हैं ना, कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, आखिरकार वह खंडवा जीआरपी पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, महाराष्ट्र के वाशिम जिले का रहने वाला यह युवक पेशे से इंजीनियर है। बाइक की किश्त भरने के लिए वह ट्रेन में चोरी करने लगा। हाल ही में उसने खंडवा स्टेशन के पास एक महिला यात्री का पर्स चुरा लिया था, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान रखा हुआ था।

ऐसे दर्ज हुआ मामला

जीआरपी थाना प्रभारी प्रकाश सेन ने बताया कि 24 जनवरी को फरियादी कन्हैयालाल मिश्रा अपनी पत्नी के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस से पटना जा रहे थे। वे ट्रेन नंबर 13202 जनता एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी पत्नी के सिरहाने रखा लेडीज पर्स, जिसमें 6500 रुपए नकद, कॉस्मेटिक सामान और वीवो कंपनी का Y-19 मोबाइल था, कोई अज्ञात बदमाश नींद का फायदा उठाकर चोरी कर ले गया।

घटना की सूचना मिलने पर पहले जीआरपी चौकी सतना में शून्य पर अपराध दर्ज किया गया, जिसे बाद में जीआरपी थाना खंडवा में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

जांच के दौरान 25 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफार्म नंबर-06 के छोर पर सरस्वती स्कूल के पास एक संदिग्ध युवक मोबाइल बेचने की दुकान पूछ रहा है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और युवक को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान योगेश पिता निवास चव्हाण (25) निवासी पोस्ट शेगी, तहसील मंगरुलपीर, जिला वाशिम (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।

बैग से मिले मोबाइल और नकदी

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके बैग से लेडीज पर्स, 9500 रुपए नकद, कॉस्मेटिक सामान और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने जनता एक्सप्रेस के एसी कोच में महिला का पर्स चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही उसने पहले किए गए दो अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा किया है।

फिलहाल जीआरपी पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।