इंदौर में कैफे के बाहर युवक की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी हिरासत में
इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में एक कैफे के बाहर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विदुर नगर निवासी क्रिश श्रीवास्तव की कुछ युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक अपने दोस्तों के साथ कैफे पर चाय पीने गया था, जहां विवाद के बाद आरोपियों ने पहले उसके दोस्तों के साथ मारपीट की और फिर क्रिश पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक कैफे के बाहर मामूली विवाद के बाद कुछ बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उसकी चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
चाय पीने गए थे दोस्त, कैफे के बाहर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात विदुर नगर के 60 फीट रोड स्थित एक कैफे पर हुई। मृतक युवक अपने दोस्तों के साथ कैफे में चाय पीने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने खूनी खेल खेलने की ठान ली।
दोस्तों को मारपीट कर भगाया, फिर युवक को घेरकर उतारा मौत के घाट
चश्मदीदों के मुताबिक, चार बदमाशों ने पहले मृतक के दोस्तों के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया। इसके बाद बदमाशों ने अकेले बचे युवक को चारों तरफ से घेर लिया। मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
चाकू लगने से युवक लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्रिश श्रीवास्तव के रूप में हुई मृतक की पहचान, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान क्रिश (पिता मुकेश श्रीवास्तव), निवासी विदुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम अंकित पाल, अनिकेत पाल, गौरव काला और शिवा उर्फ शिवम पाल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है, जिसमें गौरव पर पहले से चार और अंकित पर दो अपराध दर्ज हैं।
पूछताछ जारी, बढ़ सकती है आरोपियों की संख्या: एसीपी
विदुर नगर में कैफे के बाहर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इनसे सघन पूछताछ की जा रही है। जांच और पूछताछ के आधार पर इस मामले में आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है- शिवेन्दु जोशी, एसीपी (इंदौर पुलिस)
वारदात से इलाके में आक्रोश
शहर के रिहायशी इलाके में सरेराह हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस कैफे के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वारदात की कड़ियों को और पुख्ता किया जा सके। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

