22 April 2026: 5 पुलिसकर्मियों की शिकायत करने वाले व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज, पढ़ें इंदौर क्राइम की आज की खबरें

सुपर कॉरिडोर पर सनसनीखेज वारदात। लिफ्ट के बहाने कार में घुसा युवक बना हमलावर। पेचकस मारकर यात्री और ड्राइवर को किया घायल।

22 April 2026: 5 पुलिसकर्मियों की शिकायत करने वाले व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज, पढ़ें इंदौर क्राइम की आज की खबरें

व्यापारी निकला खुद अपराधी, रिटायर्ड ASP को भी धमका चुका

इंदौर में पांच पुलिसकर्मियों के सस्पेंशन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वारंट तामील के दौरान पुलिस पर जबरन घर में घुसने और तोड़फोड़ जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। लसूड़िया में एसआई संजय विश्नोई, हेड कांस्टेबल रणवीर कुशवाह, प्रणीत भदौरिया, दिनेश गुर्जर और दीपेन्द्र मिश्रा के खिलाफ गौरव जैन ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। इसके बाद पांचों को सस्पेंड किया गया था। अब सामने आया है कि शिकायत करने वाला गौरव जैन खुद अपराधी है।

दरअसल यह पूरा मामला लसुड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां चेक बाउंस के एक मामले में वारंट तामील करने पहुंची पुलिस टीम पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी गौरव जैन के घर जबरन घुसे और कार्रवाई के दौरान गेट तोड़ने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की वायर तक काट दी।

घटना के बाद डीसीपी ने प्राथमिक जांच के आधार पर पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं पूरे मामले की विस्तृत जांच पराग सैनी को सौंपी गई है। इस मामले में जिस व्यक्ति के घर पुलिस पहुंची थी, उसके खिलाफ पहले से अवैध शराब, सट्टा, चेक बाउंस और मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक गौरव जैन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ ग्वालियर में 2 और झाबुआ सहित शाजापुर में एक-एक गिरफ्तारी वारंट हैं।

लिफ्ट के बहाने कार में घुसा युवक बना हमलावर, पेचकस मारकर यात्री को किया घायल

इंदौर के सुपर कॉरिडोर इलाके में एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां लिफ्ट मांगकर कार में बैठे युवक ने ड्राइवर पर हमला कर दिया और बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर कार में जमकर उत्पात मचाया। यह पूरा मामला एयरपोर्ट रोड और सुपर कॉरिडोर के बीच का है, जहां दिल्ली से शादी समारोह से लौट रहे एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी और उनकी पत्नी उस वक्त दहशत में आ गए, जब रास्ते में एक युवक ने लिफ्ट ली और अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अमन पाल ने पहले टैक्सी चालक मोहित अवस्थी पर पेचकस से वार किए, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने ड्राइवर को गाड़ी से बाहर फेंक दिया और खुद स्टेयरिंग संभाल ली।

इस दौरान कार में मौजूद बुजुर्ग दंपती को आरोपी ने बंधक बना लिया और करीब आधे घंटे तक वाहन चलता रहा और इस दौरान यात्री दंपति के साथ मारपीट करी। हालांकि घायल होने के बावजूद दंपती ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार आरोपी का सामना करते रहे। आखिरकार तेज रफ्तार कार एक पोल से टकरा गई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और ड्राइवर के बीच पहले से जान-पहचान थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है।

दुकानदार से मारपीट का वीडियो वायरल, आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार

इंदौर में एक जूस सेंटर पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां 18 अप्रैल को एक जूस सेंटर पर पेमेंट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने दुकानदार के साथ जमकर मारपीट कर दी।

घटना का वीडियो मौके पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल हरकत में आई और आरोपियों की पहचान शुरू की गई। जिसमें जांच के बाद द्वारकापुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल करीब आधा दर्जन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

15 लाख की धोखाधड़ी, महिला का मकान फर्जी तरीके से बेचने का आरोप

इंदौर में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके मकान को फर्जी तरीके से बेच दिया गया। दरअसल द्वारकापुरी इलाके की रहने वाली तृप्ति नामक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति ने उससे 15 लाख रुपए लेकर उसके मकान का सौदा किसी अन्य व्यक्ति से कर दिया। जिसमें पीड़िता का आरोप है कि उसे इस पूरे मामले की जानकारी बाद में लगी, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किस तरह से इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।

पति ने जहर खाकर दी जान, कमरे की पसंद को लेकर हुआ था पत्नी से विवाद

इंदौर में एक मामूली घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पसंद के कमरे को लेकर हुए झगड़े के बाद पति ने जहर खा लिया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दरअसल द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में रहने वाले 35 वर्षीय नितेश राव ने मंगलवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि नितेश और उसकी पत्नी के बीच नए घर के चयन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों ने अलग-अलग कमरे देखे थे और इसी बात को लेकर बहस बढ़ती चली गई। जिसमें पत्नी जहां एक कमरे में शिफ्ट होना चाहती थी, वहीं नितेश किसी दूसरी जगह जाना चाहता था।

इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर नितेश ने जहर खा लिया। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, नितेश पीथमपुर की एक निजी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण रिश्तेदारों ने किया था। परिवार में उसकी पत्नी और दो साल की मासूम बेटी है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।