गुजरात vs बेंगलुरु: इस सीजन में दूसरी बार भिड़ेंगे आमने-सामने, फुल फॉर्म में RCB का जलवा
IPL में आज गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पिछले मैच में बेंगलुरु ने गुजरात को 5 विकेट से हरा दिया था।
यह मुकाबला दोनों टीमों का सीजन का 9वां मैच होगा। बेंगलुरु शानदार फॉर्म में है, 8 में से 6 मैच जीतकर टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। अगर आज का मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जीत जाती है तो टीम 14 पॉइंट्स के साथ टॉप पोजीशन पर पहुंच जाएगी। वहीं गुजरात टाइटंस ने 8 मैचों में 4 मैच जीते हैं और 4 मैच हारे हैं।

क्या आज मैच जीतकर गुजरात बराबरी कर पाएगा?
IPL में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं, जिसमें बेंगलुरु का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। टीम ने 4 मैचों में जीत हासिल की है, वहीं गुजरात को 3 मैचों में सफलता मिली है। ऐसे में आज का मुकाबला गुजरात के लिए बेहद खास है, जहां वह जीत के साथ रिकॉर्ड बराबर करने उतरेगी। खास बात यह है कि अहमदाबाद में दोनों टीमें सिर्फ एक बार भिड़ी हैं, और उस मैच में बेंगलुरु ने बाज़ी मारी थी।

गिल पर टिकी गुजरात की बल्लेबाजी
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी इस समय कप्तान शुभमन गिल पर टिकी हुई है। गिल शानदार फॉर्म में हैं और 7 मैचों में 330 रन बना चुके हैं, जिसमें उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं गेंदबाजी में कगिसो रबाडा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 13 विकेट लिए हैं, लेकिन उनकी इकोनॉमी थोड़ी ज्यादा है, जो टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है।

विराट कोहली कर रहे रनों की बौछार
विराट कोहली इस सीजन फुल फॉर्म में हैं और रनों की बौछार कर रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 351 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं, और इस सीजन उनका 162.50 का स्ट्राइक रेट शानदार रहा है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार टीम के लिए अहम साबित हो रहे हैं। उनकी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ ने दूसरे टीम के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है, और उन्होंने 8 मैचों में 14 विकेट लिए हैं।


