मऊगंज कॉलेज में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद : युवाओं को अपराधों से बचाने पुलिस की पहल, कॉलेज में चला जागरूकता पाठ
Mauganj News : मऊगंज के शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद आयोजित हुआ। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, यातायात नियमों और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
जिला पुलिस बल और उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पीएम श्री शासकीय शहीद केदारनाथ शासकीय महाविद्यालय मऊगंज में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी विकसित करना था।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवा सृजन का अर्थ समझाते हुए कहा कि युवा समाज की सकारात्मक ऊर्जा और परिवर्तन के वाहक हैं। युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता का उपयोग सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में करना चाहिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए बताया कि देश में हर साल लाखों मौतें केवल लापरवाही से होती हैं। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग और नशे में वाहन न चलाने की अपील की।

साइबर अपराधों पर चर्चा करते हुए एएसपी सरयाम ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और वित्तीय धोखाधड़ी के तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी और बैंक की गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें। ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

एसडीओपी सचि पाठक ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा और साइबर उत्पीड़न की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, 181 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया।

थाना प्रभारी अजय खोब्रागड़े और विशेष शाखा प्रभारी जगदीश ठाकुर ने यातायात नियमों व अपराधों से बचाव पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान बताया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. एसडी पांडेय सहित समस्त प्राध्यापकगण और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


