रीवा: पान मसाला दुकान पर GST टीम की कार्रवाई
रीवा के कटरा इलाके में GST एंटी-इवेजन टीम ने पान मसाला दूकानदार के यहां छापा मारा। दुकान के स्टॉक और बिक्री की जांच की जा रही है और बड़े कर खुलासे की गुंजाईश है।
रीवा शहर में मंगलवार दोपहर GST की एंटी-इवेजन टीम ने एक पान मसाला विक्रेता के यहां छापा मारा। कटरा इलाके में स्थित मोहनलाल पान मसाला की दुकान पर करीब दो बजे टीम पहुंची और जांच शुरू की। कार्रवाई की खबर फैलते ही पूरे जिले में हलचल मच गई।
दिसंबर महीने में यह GST टीम की चौथी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। अधिकारियों को इस छापेमारी से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खुलासा होने की उम्मीद है। जांच की प्रक्रिया दोपहर से शुरू होकर देर रात तक चलती रही।
जानकारी के मुताबिक, दुकान के संचालक मोहनलाल बसंत कुमार पिछले कई सालों से GST में काफी कम रिटर्न दिखा रहे थे, जबकि उनका कारोबार अच्छा खासा चल रहा था। इसी शक के आधार पर उपायुक्त उमेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में 12 अधिकारियों की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची।
फिलहाल GST टीम दुकान में मौजूद स्टॉक और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी की सही राशि सामने आएगी। इससे पहले की तीन कार्रवाइयों में GST विभाग एक करोड़ रुपये से ज्यादा की कर चोरी पकड़ चुका है।
Saba Rasool 
