रीवा: युवक ने मुंह में पिस्टल डालकर चला दी गोली, खतरनाक कदम उठाकर दी जान

रीवा के अमहिया थाना क्षेत्र में एक युवक ने घर के अंदर खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

रीवा: युवक ने मुंह में पिस्टल डालकर चला दी गोली, खतरनाक कदम उठाकर दी जान

रीवा शहर के अमहिया थाना क्षेत्र में गोली चलने की एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही घर के अंदर पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान प्रतीक सिंह उर्फ कुक्कू के रूप में हुई है। वह शहर के पीटीएस इलाके में यूनियन बैंक के पीछे रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे उसने अपने घर में ही पिस्टल मुंह में डालकर फायर कर दिया।

गोली चलने की आवाज सुनते ही घर के लोग घबरा गए और जब कमरे में पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, प्रतीक सिंह रीवा में ही स्थित एक निजी अस्पताल में स्टाफ मैनेजमेंट का काम करता था और उसी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।