घने कोहरे की चपेट में MP, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी, ट्रेन और फ्लाइट सेवा प्रभावित

मध्य प्रदेश में बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए सरकार के आदेश पर कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है।

घने कोहरे की चपेट में MP, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी, ट्रेन और फ्लाइट सेवा प्रभावित

भोपाल: मध्य प्रदेश में बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए सरकार के आदेश पर कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है। भोपाल और उज्जैन समेत कई जिलों विजिबिलिटी काफी कम रही। भोपाल में नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, ग्वालियर रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिलों में अलग अवधि के लिए छुट्टियां दी गई हैं। इंदौर जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल तीन दिनों तक बंद रहेंगे। उज्जैन में नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों को एक दिन का अवकाश दिया गया है।

मंदसौर जिले में नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल दो दिनों तक बंद रहेंगे। शाजापुर और विदिशा जिलों में नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल 5 और 6 जनवरी को बंद रहेंगे। इसी तरह ग्वालियर में भी नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल 5 और 6 जनवरी को बंद रखे जाएंगे और 7 जनवरी से दोबारा संचालित होंगे।

अशोकनगर में 5 जनवरी को स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है। रायसेन जिले में नर्सरी से कक्षा 5 तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे। आगर मालवा में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल दो दिनों तक बंद रहेंगे, साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी रहेगी।इसके अलावा टीकमगढ़, नीमच और रतलाम जिलों में भी नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल 5 और 6 जनवरी को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। हरदा में सोमवार 5 जनवरी को नर्सरी से कक्षा आठवीं तक अवकाश घोषित किया गया है।

ट्रेन और फ्लाइट सेवाओं प्रभावित

घने कोहरे का असर ट्रेन और फ्लाइट सेवाओं पर भी देखने को मिला है। मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिनों तक ऐसे ही हालत बने रहेंगे।