21 करोड़ की साइबर ठगी मामले में शाजापुर के भाजपा जिला पंचायत सदस्य को ग्वालियर साइबर टीम ले गई साथ
ग्वालियर के CA से 21.05 करोड़ ठगी के तार शाजापुर से जुड़े, भाजपा नेता जगदीश फौजी से हुई पूछताछ
शाजापुर से रिपोर्टर मनीष कुमार।
मध्य प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी ऑनलाइन ठगी के मामले के तार शाजापुर से जुड़े हैं। यहां बीती रात स्टेट साइबर सेल जोन ग्वालियर की टीम ने दबिश दी और शाजापुर भाजपा जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को अपने साथ लेकर गई है।

दरअसल, ग्वालियर के चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय से हुई 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई। मामले में 10 जुलाई को FIR दर्ज की गई। ग्वालियर की टीम को शाजापुर के जिला पंचायत सदस्य के खाते में ठगी का 50 लाख रुपये आने की जानकारी मिली जिस पर टीम बुधवार रात को शाजापुर पहुंची थी और कोतवाली थाने में जिला पंचायत सदस्य से पूछताछ करने के बाद उसे अपने साथ लेकर गई है।

चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय के पास अंजान नंबर से काल आया था। दिव्या सिंह नाम की महिला से बात होने लगी। क्रिप्टो में निवेश का झांसा दिया गया। उनसे 76 बैंक खातों में 126 बार में 21.05 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। दिसंबर से जुलाई के बीच यह पैसा ट्रांसफर किया गया।

CA को आनलाइन करीब 10.25 करोड़ रुपये का मुनाफा नजर आ रहा था।जब पैसा निकालने का प्रयास किया, तब इनसे इनकम टैक्स और अलग-अलग टैक्स के नाम पर पैसा मांगा गया। तब ठगी का पता लगा और इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की।

इस मामले में शाजापुर SP प्रियंका शुक्ला ने बताया कि साइबर सेल ग्वालियर की टीम शाजापुर आई थी। टीम जिले के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को 21 करोड़ की ठगी के मामले में अपने साथ लेकर गई है।
Varsha Shrivastava 
