भोपाल में वन सुरक्षा श्रमिकों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर डीएफओ को सौंपा ज्ञापन

भोपाल में वन सुरक्षा श्रमिक मंच के बैनर तले दैनिक वन सुरक्षा श्रमिकों ने एरियर, पीएफ, बीमा, वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर डीएफओ अर्चना पटेल को ज्ञापन सौंपा. डीएफओ ने एक सप्ताह में निराकरण का आश्वासन दिया.

भोपाल में वन सुरक्षा श्रमिकों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर डीएफओ को सौंपा ज्ञापन

भोपाल. वन मंडल की विभिन्न रेंजों में कार्यरत दैनिक वन सुरक्षा श्रमिकों ने मध्यप्रदेश वन सुरक्षा श्रमिक मंच के नेतृत्व में अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और डीएफओ अर्चना पटेल को ज्ञापन सौंपा.

वन सुरक्षा श्रमिक मंच के अध्यक्ष अरुण पांडे के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में एरियर का भुगतान, वेतन वृद्धि, पीएफ, बीमा, पहचान पत्र और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे के मार्गदर्शन में अनोखी लाल गुर्जर, महेंद्र भल्लवी, हेमंत जाटव, बीरबल, फेनदलाल, सूरज जाटव, कमलेश, विजय मालवीय, गोलू गुर्जर, मोहनलाल, संतोष वर्मा, अनिल गुर्जर, पर्वत सिंह, भागीलाल, कमल सिंह, गोरेलाल जाटव सहित बड़ी संख्या में वन सुरक्षा श्रमिक मौजूद रहे.

वन सुरक्षा श्रमिक मंच के अध्यक्ष अरुण पांडे ने बताया कि श्रम विभाग के आयुक्त के आदेश के अनुसार एक वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद किसी भी श्रमिक को बिना कारण सेवा से पृथक नहीं किया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि वन मंडल की विभिन्न रेंजों में कार्यरत श्रमिकों को अभी तक एरियर का भुगतान, वेतन वृद्धि, पीएफ, बीमा, पहचान पत्र और मेडिकल जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं.

इन पांच सूत्रीय मांगों को लेकर डीएफओ को ज्ञापन सौंपा गया. डीएफओ अर्चना पटेल ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों के निराकरण के लिए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.