Bhopal में गर्लफ्रेंड को इम्प्रेस करने के लिए चुराई कार, बागसेवनिया पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में गर्लफ्रेंड को इम्प्रेस करने के लिए कार चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की साजिश का खुलासा किया।

Bhopal में गर्लफ्रेंड को इम्प्रेस करने के लिए चुराई कार, बागसेवनिया पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

भोपाल। राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक अनोखा चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने और उस पर रौब जमाने के लिए कार चोरी की साजिश रची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की कारें बरामद कर ली हैं।

पुलिस के मुताबिक, बीती रात तेज बारिश के दौरान बागसेवनिया थाना पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान आरक्षक राघवेन्द्र यादव और राम प्रताप यादव की नजर एक संदिग्ध कार पर पड़ी। पुलिस को देखकर कार सवार युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुनील मीणा और शिवम मेहरा के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में सेंचुरी अपार्टमेंट निवासी अपने पूर्व मकान मालिक की कार चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को महंगी कार में घुमाकर प्रभावित करना चाहता था। इसके लिए वह करीब तीन महीने से कार चोरी की योजना बना रहा था। मौका मिलते ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी की कारें जब्त कर ली हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में तो शामिल नहीं रहे हैं।